रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिना किसी सुरक्षा काफिले और पूर्व सूचना के रांची शहर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया.
मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुविधा, साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्थिति तथा नागरिक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया. मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरवासियों की Ease of Living और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं.

रांची को सुरक्षित और खुशहाल शहर बनाने की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि रांची को एक सुरक्षित, समावेशी और खुशहाल शहर के रूप में विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का असर कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए और हर वर्ग के नागरिक को इसका लाभ मिलना चाहिए.
आम लोगों की जरूरतों को दी जाए प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि शहर विकास से जुड़े कार्यों में आम लोगों की जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि रांची रहने, चलने और काम करने के लिहाज से वास्तव में एक बेहतर शहर बन सके.
निरीक्षण में शामिल रहे ये अधिकारी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और नगर आयुक्त सुशांत गौरव मौजूद रहे.


