मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेपी गंगा पथ से पटना साहिब रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले संपर्क पथ और भद्रघाट-दीदारगंज फोरलेन सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पटना घाट तक का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को जेपी गंगा पथ से पटना साहिब रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए पटना घाट मार्ग में बन रहे संपर्क पथ के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मालसलामी और मारूफगंज के पास चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को पटना साहिब स्टेशन से पटना घाट तक का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
1.5 किमी लंबे पथ का निर्माण जारी
जेपी गंगा पथ से पटना घाट मार्ग में गोलंबर तक सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। करीब 52.54 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे संपर्क पथ का निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ से पटना साहिब स्टेशन को जोड़ने वाला यह मार्ग पटना सिटी की मंडियों और यहां के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
इस मार्ग पर यातायात शुरू होते ही जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। दीघा से दीदारगंज को जोड़ने वाले जेपी गंगा पथ के चालू होने के बाद से अशोक राजपथ की यातायात व्यवस्था भी बेहतर हुई है।
उन्होंने बताया कि इस नए मार्ग के बनने से चौक शिकारपुर आरओबी के रास्ते एनएच-30, श्री गुरु गोविंद सिंह पथ और जेपी गंगा पथ के जरिए दीदारगंज समेत अन्य इलाकों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

दलहट्टा, चरखीपर, मारूफगंज, मंसूरगंज, मालसलामी और झाऊगंज जैसे क्षेत्रों व मंडियों में व्यापारियों और आम लोगों का आवागमन सुगम होगा। इससे समय के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चाैधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार व चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
भद्रघाट-दीदारगंज फोरलेन सड़क निर्माण का भी लिया जायजा
कंगन घाट पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भद्रघाट से दीदारगंज के बीच गंगा किनारे दो लेन सड़क को फोरलेन में बदलने के चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
करीब 7.80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 158.40 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसमें चार सेक्शन बनाए गए हैं।
भद्रघाट से मिरचाई घाट (2.35 किमी), मिरचाई घाट से पटना घाट (1.65 किमी), पटना घाट से शरीफागंज घाट (1.55 किमी) और शरीफागंज घाट से दीदारगंज (2.25 किमी) तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
फोरलेन सड़क बनने के बाद महापर्व छठ एवं अन्य धार्मिक अवसरों पर गंगा घाटों तक आने-जाने में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही अशोक राजपथ और सुदर्शन पथ पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।


