Thursday, February 26, 2026

मुंगेर में 28 फरवरी को राजस्व प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन होगा.

Share

मुंगेर में 28 फरवरी को राजस्व प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन होगा. सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस कैंप में विभाग के प्रधान सचिव और दो दर्जन बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे. यहां जमीन सर्वे, दाखिल-खारिज और परिमार्जन के अटके मामलों का तेजी से निपटारा किया जाएगा.

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 28 फरवरी को मुंगेर में राजस्व प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसको लेकर विभाग के अपर सचिव आजीव वत्सराज ने मुंगेर के कलेक्टर को पत्र भेजकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. कार्यक्रम मुंगेर के प्रेक्षा गृह हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा.

यह आयोजन दो हिस्सों में होगा. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रखी गई है. कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल करेंगे. इस मौके पर जिले के सभी राजस्व अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे.

कई मुद्दों पर चर्चा होगी

बैठक में जमीन से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. परिमार्जन प्लस की प्रगति, दाखिल-खारिज और रजिस्ट्रेशन के लंबित मामले, जमीन विवादों का समाधान, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, डीसीएलआर कोर्ट में लंबित केस, भूमि मापी की स्थिति और राजस्व न्यायालय प्रबंधन सिस्टम की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण की ताजा स्थिति पर भी फोकस रहेगा.

विवाद कम करना प्राथमिकता

सरकार का कहना है कि जमीन विवाद को कम करना उसकी प्राथमिकता है. इसी वजह से समय-समय पर स्पेशल अभियान चलाए जाते हैं. इस बार मुंगेर अनुमंडल को चुना गया है. यहां लोगों और रैयतों की समस्याएं सीधे सुनकर समाधान करने की कोशिश की जाएगी.

विभाग ने कहा है कि कार्यक्रम तय मानक प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार आयोजित होगा. मुंगेर के अपर समाहर्ता को पूरी तैयारी और रिपोर्ट इकट्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई है. इस कार्यक्रम में विभाग के सचिव जय सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे.

कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक अधिकारी मौजूद रहेंगे. वे लोगों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे. विभाग का दावा है कि इससे जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे में तेजी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी.

Read more

Local News