Friday, March 27, 2026

मारपीट में घायल युवती का रेस्क्यू करने गई गढ़वा पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया.

Share

गढ़वा: जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल ओडिशा की युवती का रेस्क्यू करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. जिसमें कुछ पुलिस कर्मी को चोट आई है. मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही मारपीट में घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  • श्रीबंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मारपीट में एक युवती घायल हो गई थी. सूचना मिलने के बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की और पुलिस जवानों पर हमला कर दिया. जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आई है. पुलिस ने इस मामले में करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं युवती को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया है.
  • एसडीपीओ ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गढ़वा के मंगरदह निवासी नेपाली राम का पुत्र दीपू कुमार रवि ओडिशा के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने गया था. जहां उसकी मुलाकात उक्त युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई और यह दोस्ती आगे जाकर प्यार में तब्दील हो गई.
  • ओडिशा निवासी युवती का आरोप है कि इस दौरान शादी का झांसा देकर दीपू ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. जिससे युवती प्रेगनेंट हो गई. उसके बाद दीपू ने बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर गर्भपात करा दिया. कुछ वर्षों के बाद दीपू अपने घर गढ़वा लौट आया. हालांकि मोबाइल से दोनों में बातचीत होती रही. युवती के अनुसार फोन पर भी दीपू हमेशा शादी करने की बात कहता रहा.
  • युवती ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 में जानकारी मिली कि दीपू किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है. उसके बाद युवती ने दीपू से मोबाइल पर बात की, लेकिन दीपू ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया. उसके बाद युवती 7 मार्च 2024 को युवक के घर मंगरदह पहुंच गई. उस दौरान युवती के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद युवती फिर लौट आई. लौटने के बाद युवती ने कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता है वह यहीं रहेगी. तब से वह दीपू के घर में ही रहने लगी. उधर, दीपू ने इस बीच अन्यत्र शादी कर ली. जिससे उसे एक बच्चा भी है.

इधर, गुरुवार को नगर उंटारी पुलिस को जानकारी मिली थी कि ओडिशा की युवती के साथ मारपीट की गई है. जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है. सूचना पर घायल युवती का रेस्क्यू करने एसआई संजय के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगरदह पहुंच गई. लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया. घटना में कुछ पुलिस जवान चोटिल हो गए हैं. हमले के बाद इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी सहित काफी संख्या में पुलिस जवान मौके पर पहुंच गए. तब जाकर मामला शांत हुआ.

Attack On Garhwa Police

Read more

Local News