Monday, April 6, 2026

मंडप में बैठी रही दुल्हन, अचानक दूल्हा समेत फरार हो गया पूरा परिवार; सामने आई वजह

Share

रांची में एक शादी में उस समय अफरातफरी मच गई जब दूल्हा और उसका परिवार मंडप से फरार हो गया। आरोप है कि वर पक्ष ने 4.30 लाख रुपये और दहेज लेकर शादी से इनकार कर दिया। लड़की के पिता ने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है

  1. चतरा से शादी के लिए राजधानी आए थे लड़की वाले, सुखदेवनगर थाने में लड़की के पिता ने दर्ज कराई शिकायत

 सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के खादगढ़ा स्थित तैलिक वैश्य भवन में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक शादी के ठीक पहले दूल्हा और उसका पूरा परिवार मंडप से अचानक फरार हो गया।

यह मामला 20 अप्रैल का है। वर पक्ष पर 4.30 लाख रुपये नकद और दहेज लेकर शादी से मुकरने का आरोप लगा है। शादी के लिए करीब 9.50 लाख रुपये खर्च किए थे।

बताया जाता है कि चतरा जिले के अमगांवा गांव निवासी एक युवती की शादी तय हुई थी। रांची के युवक से शादी के लिए रांची में तैलिक वैश्य भवन में मंडप सज चुका था। बारात भी धूमधाम से पहुंच चुकी थी। जब फेरे की बारी आई तो दूल्हा और उसका परिवार अचानक गायब हो गया।

लड़की के पिता ने दी जानकारी

लड़की के पिता का कहना है कि शादी से पहले ही 4.30 लाख रुपये नकद के अलावा सोने के गहने और अन्य सामग्री भी दी गई थी। फेरों से ठीक पहले शोर-शराबा और गाली-गलौज के बाद पूरा वर पक्ष भाग गया। आखिर क्या हुआ, उन्हें भी नहीं बताया गया।

पीड़ित पिता दशरथ प्रजापति ने सुखदेव नगर थाना में लिखित शिकायत की है। उन्होंने कहा कि यह सब पूर्व नियोजित साजिश थी, जिसमें उनकी बेटी के साथ और पूरे परिवार के साथ धोखा किया गया।

दूल्हा सुनील कुमार प्रजापति, उसकी मां कावेरी देवी, बहनें कविता देवी और बबिता देवी, बहनोई सनोज और शुभम, बड़े भाई अनिल प्रजापति इस षड्यंत्र में शामिल हैं।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमने लड़की की शादी के लिए सारी तैयारियां कर रखी थीं। लाखों रुपये खर्च किए, लेकिन फेरे शुरू होने से पहले ही लड़के वाले फरार हो गए।

यह सिर्फ धोखाधड़ी नहीं, हमारी इज्जत के साथ भी खिलवाड़ है। परिवार ने दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, और आपराधिक षड्यंत्र जैसी धाराओं में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में सुखदेव नगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more

Local News