नई दिल्ली: दिल्ली के यात्रियों के लिए नए साल में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. केंद्र सरकार की पहल पर शुरू की जा रही देश की पहली कोऑपरेटिव टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ 1 जनवरी 2026 से अपना मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रही है. इस नई सेवा के शुरू होने से दिल्लीवासियों को ओला, उबर और रैपिडो जैसे मौजूदा ऐप-बेस्ड कैब एग्रीगेटर्स के अलावा एक नया और भरोसेमंद विकल्प मिलेगा.
भारत टैक्सी को खास तौर पर यात्रियों और ड्राइवरों – दोनों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इस ऐप के जरिए यूजर्स ऑटो-रिक्शा, कार और बाइक टैक्सी की बुकिंग कर सकेंगे. अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वे आसानी से विकल्प चुन पाएंगे. सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग यानी पीक ऑवर्स या बारिश के समय अचानक किराया बढ़ने की समस्या नहीं होगी. किराया दरों को यथासंभव स्थिर रखने का दावा किया गया है.
सरकारी सहयोग से शुरू हो रही इस टैक्सी सेवा का उद्देश्य यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है. साथ ही ड्राइवरों की आमदनी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है. भारत टैक्सी में ड्राइवरों को कुल किराए का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मिलेगा, जिससे उनकी कमाई ओला-उबर जैसे निजी प्लेटफॉर्म्स की तुलना में बेहतर होगी. दिल्ली में अब तक करीब 56 हजार ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जो इस पहल के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.
सुरक्षा के लिहाज से भारत टैक्सी ऐप में रियल-टाइम व्हीकल ट्रैकिंग, केवल वेरिफाइड ड्राइवरों की ऑनबोर्डिंग और 24×7 कस्टमर सपोर्ट की सुविधा दी जाएगी. इसके अलावा ऐप को कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें.
इस टैक्सी सेवा का फोकस फैमिली ट्रैवलर्स, कॉरपोरेट यूजर्स और पर्यटकों पर रहेगा. कैश और डिजिटल पेमेंट, ट्रांसपेरेंट बिलिंग और बेहतर सेफ्टी फीचर्स के साथ भारत टैक्सी को मौजूदा कैब सेवाओं के एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. अगर यह पहल सफल होती है, तो आने वाले समय में अन्य शहरों में भी इसका विस्तार किया जा सकता है.


