Saturday, March 14, 2026

भारत और पाकिस्तान मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सवालों के जवाब दिए.

Share

टी20 विश्व कप 2026 के रविवार को खेले जाने वाले महामुकाबले की पूर्व संध्या पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि नामीबिया के खिलाफ टीम से बाहर रहने वाले अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे. मीडिया से मुखातिब सूर्यकुमार ने पड़ोसी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने को लेकर भी स्थिति साफ करते हुए कहा कि हम मैच से पहले यह तय करेंगे कि इस बाबत क्या करना है.

सूर्यकुमार ने कुलदीप यादव के खेलने, उस्मान तारिक सहित कई पहलुओं को लेकर अपने जवाब दिए. उन्होंने कहा, ‘हम इस मैच को खेलने के हमेशा ही मानसिक रूप से तैयार थे. और हो रहे घटनाक्रम के बीच हमारा पूरा ध्यान अपनी तैयारियों पर केंद्रित था’.

वहीं, कोलंबो के मौसम को लेकर भारतीय कप्तान ने कहा, ‘यह वह पहलू है, जिस पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं है. हम अच्छा क्रिकेट खेलने पर ही नियंत्रण कर सकते हैं. हमने इस मैदान पर बहुत अधिक क्रिकेट खेला है और यह अनुभव हमारे काम आएगा.’

वहीं, अभिषेक शर्मा को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सूर्यकुमार ने इशारों ही इशारों में बता दिया. दरअसल भारत से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा था कि वह चाहते हैं कि अभिषेक इस मुकाबले में खेलें.

सूर्य कुमार से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम कल के मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी, तो भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्य कुमार यादव ने कहा, “24 घंटे इंतज़ार करें. हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं. हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे. अच्छा खाना खाएंगे और सोएंगे. हम कल इस पर फैसला करेंगे.”

पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक के खिलाफ रणनीति पर भारतीय क्रिकेट टीम के T20 कैप्टन सूर्य कुमार यादव ने कहा “कभी-कभी एग्जाम में आउट ऑफ सिलेबस सवाल आ जाता है. इसलिए हम इसे इग्नोर नहीं कर सकते. इससे निपटने के लिए, आपको कुछ ट्राई करना होगा. आपको अपना तरीका अपनाना होगा, और हम इसी तरह कोशिश करते हैं. गेंदबाजी के मामले में वह एक अलग कैरेक्टर है, लेकिन साथ ही, हम सरेंडर नहीं कर सकते. इसलिए, हम एक जैसे गेंदबाज और एक जैसे एक्शन के साथ अभ्यास करते हैं, और हम जाहिर तौर पर सिर्फ वही करने की कोशिश करेंगे.”

कमजोर बल्‍लेबाजी पर दिया जवाब
टी20 विश्व कप 2026 में अब तक भारत की बल्लेबाजी कमजोर रही है. दो जीत के बाद भी भारत का मिडिल ऑर्डर अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ मुश्किल में रहा है. सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हमारी शुरुआत थोड़ी खराब रही, हम इस सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकते. कोई बहाना नहीं चलेगा. सभी बल्लेबाजों ने काफी क्रिकेट खेला है, मुश्किल विकेट पर बल्लेबाजों को अपनी रणनीति बनानी चाहिए. हमने अच्छी शुरुआत की लेकिन थोड़ी लड़खड़ा गए, फिर हमने उसे अच्छे से संभाल लिया। यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है.”

Table of contents [hide]

Read more

Local News