टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब इंडियन क्रिकेट टीम ICC के व्हाइट-बॉल इवेंट्स में लगातार सबसे ज्यादा (16) मैच जीतने वाली टीम बन गई है. भारत की जीत का यह सिलसिला 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया से वनडे का फाइनल मैच हारने के बाद शुरू हुआ था, और उसके बाद वो आईसीसी इवेंट्स में अब तक बिना हारे 16 मैच जीत चुके हैं. इससे पहले ICC इवेंट्स में लगातार जीत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था. कंगारुओं ने 2006 और 2007 के बीच ICC इवेंट्स में लगातार 15 मैच जीते थे.
भारत के दूसरा रिकॉर्ड
इसके अलावा भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है. भारत की पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में ये 8वीं जीत थी. इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 6 बार जीत दर्ज की है.
T20 WC में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत
8 भारत बनाम पाकिस्तान
6 ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश
6 पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश
6 श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज
6 वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड
भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर एक नजर
रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की, और ईशान किशन की तेज 77 रन की पारी की बदौलत सात विकेट पर 175 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जिसमें पाकिस्तान के साइम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 3 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम पहले ही ओवर में विकेट देने शुरू कर दी और पावरप्ले में ही उन्होंने 4 बड़े विकेट खो दिए. जिसके बाद वो मैच में वापस नहीं आ सके और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ही ढेर हो गई. जिससे उन्हें 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा. ये T20 के इतिहास में पाकिस्तान की भारत के खिलाफ सबसे बड़ी हार थी.


