रांचीः भारतीय जनता पार्टी आगामी 06 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है. 6 अप्रैल 1980 को एक राजनीतिक दल के रुप में उभरकर भारतीय राजनीति में आए इस दल ने समय के साथ सत्ता के शीर्ष तक काबिज होने में सफलता पाई है.
संगठन और सेवा को मूलमंत्र बनाकर जनता के बीच छवि बनाने में हमेशा तैयार रहनेवाली यह पार्टी एक बार फिर स्थापना दिवस को भव्य और खास बनाने में की तैयारी में जुट गई है. प्रदेश भाजपा ने स्थापना दिवस को लेकर वृहद कार्ययोजना बनाई है जिसकी झलक अभी से दिखनी शुरू हो गई है.
राजधानी के चौक चौराहों पर पार्टी नेताओं के बड़े बड़े बैनर लगने शुरू हो गये हैं. भाजपा नेता दीनदयाल बरनवाल कहते हैं कि पार्टी का स्थापना दिवस गौरव दिवस के रुप में मनाया जाएगा. जिसमें पार्टी के एक एक कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस मौके पर कार्यकर्ता अपने अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएंगे और कई कार्यक्रम राज्यभर में आयोजित किया जाएगा.
स्थापना दिवस को लेकर तीन दिनों तक सजा रहेगा भाजपा कार्यालय
पार्टी स्थापना दिवस पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है. वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव एवं किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.
स्थापना दिवस समारोह को लेकर पार्टी के सभी मंडल, जिला एवं प्रदेश कार्यालयों को तीन दिनों के लिए यानी 5, 6 एवं 7 अप्रैल को सजाया जाएगा. इसके अलावा भाजपा के सभी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज 6 अप्रैल को फहराया जाएगा. इस मौके पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा की जाएगी और मिठाई बांटी जाएगी. इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराने तथा सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश मिला है.
6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर पार्टी का स्थापना दिवस मनाएंगे और प्रत्येक जिला कार्यालय पर 8 अथवा 9 अप्रैल को पार्टी के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा. जिसमें भाजपा का संगठनात्मक विस्तार एवं चुनावी सफलता में जन समर्थन, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति एवं राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के द्वारा किये गये उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्यों आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी.
7 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच गांव/बस्ती चलो अभियान का आयोजन होगा. इसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य से लेकर ऊपर स्तर के सभी जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के कार्यकर्ता प्रभावी रूप से भाग लेंगे और गांवों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क एवं उनका सम्मान, केन्द्र सरकार एवं एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा करना, लाभार्थियों से जनसम्पर्क आदि कार्यक्रम शामिल हैं.


