मशहूर टीवी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ से घर-घर पहचान बनाने वाले आसिफ शेख एक बार फिर से चर्चा में हैं. क्योंकि इस बार उनका ये कॉमेडी टीवी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ एक नई कहानी के साथ बड़े पर्दे पर आया है, जिसका नाम है- ‘भाभीजी घर पर हैं: फन ऑन द रन’. यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, और इसे लोगों से मिले-जुले से लेकर अच्छे रिव्यू मिले हैं. इसी बीच आसिफ और सलमान खान के बीच एक खास कनेक्शन की खबर सामने आई है. चलिए जानते हैं इसके बारे में…
आसिफ ने 1988 में रामा ओ रामा से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. आसिफ की बॉलीवुड के सुपरस्टार एक्टर सलमान खान के साथ गहरी दोस्ती है. असल में, पिछले 35 सालों में उन्होंने कई बार साथ में काम भी किया है. आसिफ शेख और सलमान खान 1988 में बॉलीवुड सुपरस्टार के डेब्यू के बाद से ही एक-दूसरे के करीबी दोस्त हैं.
एक पुराने इंटरव्यू में, ‘भाभीजी घर पर हैं’ के मशहूर विभूति नारायण मिश्रा ने बताया था कि वे सलमान की पहली फिल्म, बीवी हो तो ऐसी, और उनकी फिल्म, यारा दिलदारा (1991) की रिलीज के बाद से दोस्त हैं. 1989 में जब फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ रिलीज हुई, तो सलमान खान रातों-रात स्टार बन गए. लेकिन आसिफ लीड एक्टर के तौर पर शो बिजनेस में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करते रहे
आसिफ ने इन दिनों को भी याद किया, जब सलमान उनके लिए फरिश्ते बनकर आए थे. आसिफ ने बताया कि जब वह अपने करियर के बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब सलमान खान ने उन्हें कुछ अच्छी फिल्में दिलाने में मदद की थी. उन्होंने यह भी बताया कि भले ही वह अक्सर नहीं मिल पाते, लेकिन जब भी वे मिलते हैं, तब भी उनकी सोच एक जैसी होती है. आफिस सलमान के पिता को भी काफी मानते हैं. उनके मुताबिक, शोले के राइटर उन्हें बहुत प्यार करते हैं.
आसिफ शेख ने सलमान खान के साथ 7 फिल्मों में काम किया है. वे पिछली बार ‘किसी का भाई किसी की जान में’ सलमान के साथ नजर आए थे. इसके अलावा उन्होंने करण अर्जुन, औजार, प्यार किया तो डरना क्या, बंधन, दिल ने जिसे अपना कहा, शादी करके फंस गया यार और भारत जैसी फिल्मों में काम किया है.


