Sunday, March 29, 2026

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भारत आए हुए हैं. अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने दिल्ली सचिवालय में सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की.

Share

नई दिल्ली: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर गुरुवार को दिल्ली सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की. ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज के संस्थापक भी हैं. यह शिष्टाचार मुलाकात भारत-ब्रिटेन संबंधों की गहराई, वैश्विक स्तर पर उभरती लोकतांत्रिक चुनौतियों तथा सुशासन, शहरी विकास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में परस्पर सहयोग की संभावनाओं पर केंद्रित रही.

मुख्यमंत्री ने टोनी ब्लेयर को राजधानी में किए जा रहे इनोवेटिव, डिजिटल प्रशासन, पर्यावरणीय सुधारों और शिक्षा क्षेत्र में चल रहे परिवर्तनकारी प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कैसे ‘विकसित दिल्ली’ की परिकल्पना के तहत दिल्ली सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और शहरी संरचना को आधुनिक और जनकेंद्रित बना रही है. इस मुलाकात में टोनी ब्लेयर ने दिल्ली में हो रहे बदलावों की सराहना की. उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल गवर्नेंस, स्कूल प्रणाली में हो रहे इनोवेटिव बदलाव और पर्यावरणीय नीतियों में हो रहे सुधारों में गहरी रुचि दिखाई.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ हुई भेंट को अपनी सरकार के लिए एक सकारात्मक अनुभव बताया. उन्होंने बताया कि हमने शासन प्रणाली में सुधार, प्रौद्योगिकी के उपयोग और नागरिक कल्याण के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा की. मुख्यमंत्री ने इस बैठक को दिल्ली के लिए एक सुनहरा अवसर भी बताया और कहा कि दिल्ली सरकार और टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज (TBI) मिलकर दिल्ली को एक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे.

Read more

Local News