ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) ने 17 फरवरी को फिल्म अवार्ड्स के लिए प्रेजेंटर्स की अपनी स्टार-स्टडेड लिस्ट जारी की. दिलचस्प बात यह है कि आलिया भट्ट का नाम भी शामिल है. आलिया ने अपनी इस खुशी को अपने फैंस के साथ भी साझा किया है.
ब्रिटिश एकेडमी ने मंगलवार को बताया कि बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट बाफ्टा अवार्ड्स के 79वें एडिशन में एक अवार्ड देंगी. इस अवार्ड सेरेमनी को ऑफिशियली EE BAFTA फिल्म अवार्ड्स कहा जाता है, जिसका मकसद इंटरनेशनल सिनेमा में बेहतरीन काम को सेलिब्रेट करना है. यह 22 फरवरी को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में होगा.
बाफ्टा ने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रेजेंटर्स की एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘इस रविवार बाफ्टा में हम किसका स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं? इस रविवार 22 फरवरी को यूके में बीसीसी वन और बीसीसी आईप्लेयर पर और यूएस में E! पर जरूर देखें.’
आलिया ने बाफ्टा के इस पोस्ट को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है. हैशटैग बाफ्टा के साथ राजी एक्ट्रेस ने पोस्ट में लिखा है, ‘अगर आप मुझे पहचान पाएं तो 100 पॉइंट्स मिलेंगे.’

आलिया गेस्ट प्रेजेंटर्स की स्टार-स्टडेड लाइनअप का हिस्सा हैं. इस लिस्ट में एमी लू वुड, ब्रायन क्रैंस्टन, डेविड जोंसन, डेलरॉय लिंडो, गिलियन एंडरसन, ग्लेन क्लोज, ओलिविया कुक और पैट्रिक डेम्पसी जैसे कुछ बड़े नाम शामिल हैं.
एरॉन पियरे, एलिसिया विकेंडर, एरिन डोहर्टी, हन्नाह वाडिंगहैम, कैथरीन हैन, केरी वाशिंगटन, लिटिल सिम्ज, मैगी गिलेनहाल, मिया मैककेना-ब्रूस, मिली एल्कॉक, मिन्नी ड्राइवर, नोआ जूप, रेगे-जीन पेज, रिज अहमद, स्टॉर्मजी और वारविक डेविस भी इस साल अवॉर्ड प्रेजेंट करेंगे.
अवार्ड के लिए नॉमिनेट हुए कई सेलेब्स प्रेजेंटर के तौर पर दोहरी भूमिका निभाएंगे. वे हैं- एथन हॉक, माइकल बी. जॉर्डन, केट हडसन, माइल्स कैटन, एमिली वॉटसन और स्टेलन स्कार्सगार्ड.
बता दें, आलिया से पहले, प्रियंका चोपड़ा जोनस 2021 में बाफ्टा में प्रेजेंटर थीं. इसके अलावा, दीपिका पादुकोण को भी 2024 में यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रेजेंट करने का मौका मिला. बाफ्टा से पहले, आलिया ने कान्स और मेट गाला में अपने तारीफ-ए-काबिल लुक्स से काफी धूम मचाई थी.


