ब्रासीलिया: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील ने अपनी सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रांड कॉलर ऑफ़ द नेशनल ऑर्डर ऑफ़ द साउदर्न क्रॉस’ से नवाजा है. यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को उनके ब्राजील के औपचारिक राज्य दौरे के दौरान मंगलवार को दिया गया. यह सम्मान मोदी के इस पांच-राष्ट्र दौरे के तहत मिला उनका तीसरा वैश्विक सम्मान है, जो 2 जुलाई से शुरू हुआ था.
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील में सम्मान प्राप्ति पर जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील की राजधानी रियो डी जनेरियो और ब्रासीलिया में मिले गर्मजोशी से स्वागत के लिए राष्ट्रपति लूला का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा उन्हें ब्राजील का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने का अवसर न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और भावुकता का विषय है. उन्होंने ब्राजील सरकार और वहां के लोगों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की.
भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और ब्राजील के बीच संबंधों को गहरा करने में राष्ट्रपति लूला का विशेष योगदान रहा है. दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की. प्रधानमंत्री ने यह भी साझा किया कि आने वाले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार को 20 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जो दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को और मजबूती देग
बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्रिनिडाड और टोबैगो का भी उच्चतम नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ ट्रिनिडाड & टोबैगो’ प्राप्त किया. ट्रिनिडाड और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद बिस्सेसर ने कहा कि यह सम्मान मोदी के वैश्विक नेतृत्व, भारतीय डायस्पोरा के साथ उनके गहरे संबंधों और कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवतावादी प्रयासों के सम्मान में दिया गया है.
इसके पहले, घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रमानी महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को घाना का राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ प्रदान किया. इस सम्मान के माध्यम से मोदी की वैश्विक कूटनीति और statesmanship को पहचाना गया.
विशेषज्ञों के अनुसार, यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक छवि और भारत की विदेश नीति की ताकत को दर्शाते हैं. किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री को विश्व स्तर पर इतना व्यापक सम्मान प्राप्त नहीं हुआ है. भारत की ‘इंडिया फर्स्ट’ नीति को विश्व भी सराह रहा है और मोदी के नेतृत्व में भारत की साख विश्व मंच पर मजबूत हुई है.
इससे पहले, जून में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलिड्स ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ मकैरियस III’ सम्मान से सम्मानित किया था. इसी तरह, मॉरिशस और श्रीलंका ने भी इस वर्ष मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है.
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने मोदी को ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ सम्मान दिया, जो दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों और साझा भविष्य के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. मॉरिशस के राष्ट्रपति ने ‘ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशियन’ से नवाजा.
ब्राजील में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने भव्य सैन्य सम्मान के साथ किया. इस दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठकें, समझौतों पर हस्ताक्षर और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुईं.


