बोकारो: जिले के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में पति के सामने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के द्वारा गठित टीम ने 24 घंटे के अंदर सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों का नाम विशाल कुमार, कृष्ण कुमार, अजय कुमार और साहिल कुमार है.
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि महिला और उसका पति मजदूरी का काम करते हैं. 29 मई की रात साढ़े आठ बजे दोनों पति पत्नी बाजार करने दुंदीबाद गए हुए थे. इसी दौरान दोनों पति पत्नी ने शराब का भी सेवन किया था. नशे की हालत में आरोपी विशाल कुमार ने एक टोटो में घर छोड़ने की बात कहकर दोनों को चढ़ा लिया, टोटो कृष्ण कुमार चला रहा था.
इसी दौरान घर छोड़ने के बहाने आरोपियों ने दोनों को सेक्टर 12 A स्थित एक खंडहरनुमा स्कूल में ले जाया गया. जहां चारों ने पति के सामने बारी-बारी से महिला के साथ गलत काम किया. घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए थे.
घटना को अंजाम देने के बाद महिला की गुहार सुन लोगों ने इसकी सूचना सेक्टर 12 थाने को दी. घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ने उद्भेदन के लिए एक टीम का गठन किया था. मामले में महिला की निशानदेही पर विशाल कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसके बाद उसके तीनों अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया.


