Saturday, March 28, 2026

बोकारो में एक छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है.

Share

बोकारो: जिला में नावाडीह थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव से 17-18 वर्षीय छात्र का शव बरामद किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया एसिड से जलाकर छात्र की हत्या की गई है. शरीर पर कई जगह जलने के निशान भी मिले हैं. हालांकि हत्या का कारण और हत्यारोपी का पता नहीं चल सका है.

  • बताया जा रहा है कि बुधवार शाम से छात्र लापता था. इस बीच शुक्रवार शाम को जंगल में मवेशी चराने गए लोगों की नजर छात्र पर पड़ी. लोगों ने इसकी सूचना तुरंत गांव वालों को दी. जिसके बाद उसकी पहचान दो दिन से लापता सूरज महतो के रूप में की गई. छात्र का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर जंगल से बरामद किया गया.
  • इस घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार देर शाम बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी दलबल के साथ मौके पर पहुंची. इसके बाद शव को बरामद कर छानबीन शुरू कर दी गई. पुलिस को मौके से सूरज का फोन भी मिला है.

इस मामले को लेकर बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह ने बताया कि जंगल में मवेशी चराने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक लड़के की डेड बॉडी देखी गयी है. इस सूचना के तहत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया एसिड से जलाकर लड़के की हत्या हुई है, ऐसा लगा रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकता है. परिजनों ने भी कुछ सुराग दिया है, जिसके आधार पर जांच की जाएगी.

Read more

Local News