Wednesday, March 25, 2026

बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख बारामती में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अंतिम संस्कार समारोह में शामिल हुए.

Share

 महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी, 2026 को प्लेन क्रैश में निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार गुरुवार, 29 जनवरी को पुणे क्षेत्र के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई हस्तियां बारामती पहुंची. हालांकि, बॉलीवुड एक्टर और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे रितेश देशमुख भी दिवंगत नेता को अंतिम सम्मान देने के लिए अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

रितेश देशमुख को गुरुवार को बारामती में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होते हुए देखा गया. सोशल मीडिया पर रितेश के कई वीडियो सामने आए है, जिसमें वह दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि देते हुए और उनके पार्थिव शरीर पर फूलों की माला चढ़ाते हुए देखा जा सकता है.

बुधवार को एक्टर रितेश देशमुख ने अजित पवार के अचानक निधन पर गहरा दुख जताया था. रितेश ने उन्हें ‘महाराष्ट्र के सबसे डायनामिक नेताओं में से एक’ बताया. एक्स हैंडल पर दिवंगत नेता की तस्वीरें शेयर करते हुए एक्टर ने लिखा था, ‘यह जानकर बहुत गहरा सदमा लगा और दिल टूट गया कि हमने एक दुखद हादसे में अजित दादा को खो दिया है. महाराष्ट्र के सबसे डायनामिक नेताओं में से एक, उन्हें काम में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं थी और वह अपने आस-पास के लोगों को लगातार बेहतर करने के लिए प्रेरित करते थे.’

एक्टर ने आगे लिखा है, ‘वह अपनी बात कहने में कभी हिचकिचाते नहीं थे, उनकी हाज़िरजवाबी बेमिसाल थी, और पूरे राज्य में उन्हें बहुत प्यार किया जाता था. उनके असमय निधन से एक बहुत बड़ी क्षति हुई है और एक ऐसी कमी आई है जिसे कोई पूरा नहीं कर सकता. मुझे उनके साथ कई बार बातचीत करने का मौका मिला, मैं हमेशा उनकी उस दयालुता को याद रखूंगा जो उन्होंने मुझ पर दिखाई. पवार परिवार, उनके प्रियजनों और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.’

अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया, जहां उनके बेटों ने चिता को अग्नि दी और अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं. इस दौरान अजित पवार की पत्नी, सुनेत्रा पवार, और बेटे पार्थ और जय भी मौजूद रहें.

आज सुबह, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) के अधिकारी और फोरेंसिक टीमें बारामती में दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं, ताकि उस विमान दुर्घटना की जांच की जा सके, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की जान चली गई थी.

बुधवार सुबह विमान बारामती में क्रैश-लैंड हो गया था. पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस क्रैश के संबंध में बारामती तालुका पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है.

Read more

Local News