ग्रहों के राजकुमार बुध का गोचर धनु राशि में 29 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 17 जनवरी 2026 तक रहेगा. इस अवधि में चार राशियों के लिए यह गोचर कुछ मामलों में कठिनाइयां और चुनौतियां लेकर आएगा, जबकि दो राशियों पर इसका मिलाजुला प्रभाव देखा जाएगा. ज्योतिषाचार्य का कहना है कि इस समय इन राशियों के जातकों को अपने गुप्त शत्रुओं, कार्यस्थल की चुनौतियों और आर्थिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.
बुध गोचर का राशियों पर अशुभ प्रभाव
वृषभ: वृषभ राशि वालों के लिए यह गोचर मिश्रित परिणाम लेकर आएगा. स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों जैसे दवाओं का रिएक्शन और त्वचा की एलर्जी हो सकती हैं. कार्यस्थल पर किसी षड्यंत्र का सामना हो सकता है, इसलिए सतर्क रहें. धन लाभ होने के योग हैं और रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है. विद्यार्थी इस समय पढ़ाई में सफलता पा सकते हैं.
कर्क: कर्क राशि वाले स्वास्थ्य और कार्यस्थल में सावधानी बरतें. आपके अपने लोग नीचा दिखाने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि, मकान या संपत्ति खरीदने का समय लाभकारी रहेगा. व्यावसायिक यात्राओं और लेखन, प्रिंटिंग या पत्रिका संबंधी कामों में आर्थिक लाभ संभव है.
धनु: धनु राशि वालों के लिए यह गोचर अप्रत्याशित परिणाम दे सकता है. आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है. झगड़ों और विवादों से बचें. अदालती मामलों को आपसी समझ से हल करना बेहतर रहेगा. शिक्षा और अध्ययन के क्षेत्र में समय अनुकूल रहेगा.
मकर: मकर राशि वाले आर्थिक तंगी का सामना कर सकते हैं. अनावश्यक खर्च कम करें और दुर्घटनाओं से बचें. कार्यस्थल पर वरिष्ठों के साथ मधुर संबंध बनाए रखें. मुकदमेबाजी में सफलता मिलने के योग हैं. साझेदारी वाले व्यवसाय के लिए समय शुभ है. स्वास्थ्य, विशेषकर बाईं आंख का ध्यान रखें.
बुध गोचर का मिलाजुला असर
कन्या: कन्या राशि वालों को कभी-कभी कार्य में रुकावटें महसूस हो सकती हैं. हालांकि, ऊर्जा और एकाग्रता बनाए रखने पर सफलता मिलेगी. स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. सरकारी नौकरी में पदोन्नति के अवसर बन सकते हैं. वैवाहिक जीवन सौहार्दपूर्ण रहेगा.
तुला: तुला राशि वालों के लिए समय मिले-जुले परिणाम देगा. विदेशी मामलों में लाभ संभव है. नौकरी या निवेश के लिए अवसर मिल सकते हैं. आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा. जीवनसाथी से उपहार मिलने की संभावना है. छात्रों को सफलता मिलने की संभावना बनी रहेगी.


