Saturday, March 14, 2026

बुधवार को सोना-चांदी रिकवरी मोड में हैं, 20 दिन में करीब 40,000 सस्ता हुआ सोना अब ₹1,53,165 पर है.

Share

नई दिल्ली: कमोडिटी मार्केट में इन दिनों भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है. बीते कारोबारी दिन यानी मंगलवार की रात मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई. चांदी जहां 5 फीसदी से ज्यादा टूटकर क्रैश हो गई, वहीं सोने के भाव में भी करीब ढाई फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, बुधवार सुबह बाजार खुलते ही दोनों धातुओं ने रिकवरी के संकेत दिए हैं.

मंगलवार रात का भाव
मंगलवार रात करीब 8:30 बजे चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई. MCX पर 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 5.58% (लगभग 13,378 रुपये) गिरकर 2,26,513 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया. चांदी 29 जनवरी को अपने ऑल-टाइम हाई 4,20,048 रुपये पर थी जो मंगलवार 17 फरवरी को 2,28,783 रुपये पर बंद हुआ. करीब 1.91 लाख रुपये सस्ती हो गई थी.

MCX

आज सुबह से रिकवरी का दौर
बुधवार को सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत राहत भरी रही. शुरुआती कारोबार में ही चांदी 2 फीसदी से ज्यादा की उछाल के साथ दोबारा संभलती दिखी. ताजा अपडेट के अनुसार, 1 किलो चांदी का भाव करीब 5000 रुपये की बढ़त के साथ 2,34,000 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निचले स्तर पर खरीदारी आने से कीमतों को सहारा मिला है.

सोने की चमक भी लौटी
चांदी की तरह सोने ने भी बुधवार को ‘कमबैक’ किया है. मंगलवार रात सोना 2.5 फीसदी फिसलने के बाद 1,51,418 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. लेकिन बुधवार सुबह 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 1.15 फीसदी की बढ़त के साथ 1,53,165 रुपये पर पहुंच गया.

चांदी की कीमत 29 जनवरी 2026

अपने शिखर से काफी सस्ता है सोना
भले ही बुधवार को कीमतों में सुधार दिख रहा हो, लेकिन सोना अभी भी अपने लाइफ टाइम हाई से काफी नीचे है. 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था. आज की रिकवरी के बावजूद सोना अपने शिखर से करीब 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है.

निवेशकों के लिए सलाह
बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर की मजबूती के कारण कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट आई थी. फिलहाल बाजार में ‘बाय ऑन डिप्स’ (गिरावट पर खरीदारी) की रणनीति देखी जा रही है. शादी-ब्याह के सीजन से पहले सोने-चांदी के भाव में आई यह कमी आम ग्राहकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है.

Read more

Local News