Friday, February 13, 2026

बीजेपी समर्थित प्रत्याशी के समर्थन में बाबूलाल मरांडी देवघर पहुंचे.

Share

देवघर: झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने स्तर से प्रत्याशियों को मदद करने में जुटी हुई हैं. देवघर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी रीता चौरसिया को समर्थन दे रही है. वहीं कांग्रेस रवि केसरी के समर्थन में दिन-रात मेहनत करती दिख रही है. भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रीता चौरसिया के समर्थन में बाबूलाल मरांडी ने वोट मांगे.

रीता चौरसिया के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे बाबूलाल मरांडी

रीता चौरसिया के प्रचार में पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर निगम चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है. क्योंकि निगम की सरकार के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी सरकार को और भी मजबूती से घेरने का काम करेगी. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार निकाय चुनाव को दलगत नहीं करवा रही है. क्योंकि सरकार को पता है कि नगर निकाय में भारतीय जनता पार्टी बाजी मार लेगी. इसलिए भारतीय जनता पार्टी भी अपने प्रत्याशियों को अप्रत्यक्ष रूप से मदद कर उन्हें मजबूत करने में जुटी हुई है.

अधिकारियों के माध्यम से लूट में जुटी थी हेमंत सरकार: बाबूलाल मरांडी

बीजेपी विधायक बाबूलाल मरांडी हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नगर निगम का चुनाव नहीं करवाना चाहती थी. वह अधिकारियों के माध्यम से लूट मचाने में जुटी हुई थी. लेकिन भारतीय जनता पार्टी के विरोध के बाद ही नगर निकाय का चुनाव करवाया जा सका है. उन्होंने कहा कि अगर समय पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पूर्व पार्षद कोर्ट में नहीं जाते तो नगर निकाय का चुनाव आज भी संभव नहीं हो पाता.


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर निगम का चुनाव एक ऐसा चुनाव है, जिसमें शहर के सभी वार्डों के लोग शामिल होते हैं. इसके माध्यम से मोहल्ले के गली-गली में रहने वाले लोग अपनी समस्या जनप्रतिनिधि तक रख सकते हैं. क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति अपने विधायक या फिर सांसद तक नहीं पहुंच पाता है. ऐसे में नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों तक पहुंचना आम लोगों के लिए आसान होता है. इसीलिए नगर निकाय का चुनाव बहुत ही जरूरी होता है.


मीडिया द्वारा जब बाबूलाल मरांडी से निशिकांत दुबे के विवादास्पद बयान पर सवाल पूछा गया तो वो कुछ भी कहने से बचते नजर आए. बता दें कि बाबूलाल मरांडी संथाल परगना में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं. नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के लिए दुमका, गोड्डा, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज और जामताड़ा जिले में लोगों के बीच जाकर प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कर रहे हैं.

Read more

Local News