Friday, March 20, 2026

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ आदित्य साहू ने नामांकन भरा है.

Share

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ आदित्य साहू ने नामांकन भरा है. 14 जनवरी को नए प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा होगी.

रांची: आदित्य साहू का झारखंड बीजेपी का नया अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है. मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष के चयन को लेकर सुबह से ही गहमागहमी देखी गई. नामांकन के लिए निर्धारित समय दिन के 12 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सिर्फ एक नामांकन आदित्य साहू की ओर से दाखिल किया गया.

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी द्वारा नामित चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के समक्ष करीब 1 बजे आदित्य साहू ने नामांकन पर्चा भरा. इस मौके पर प्रस्तावक के रूप में वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई बड़े नेता मौजूद थे. आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए जो प्रस्तावक बने हैं, उनमें बाबूलाल मरांडी, कड़िया मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, समीर उरांव, अर्जुन मुंडा, रबींद्र राय, दीपक प्रकाश, यदुनाथ पांडे और पशुपतिनाथ सिंह आदि शामिल हैं.

आदित्य साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में एक मात्र नामांकन प्राप्त हुआ है. ऐसे में आदित्य साहू के अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है. पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी जुएल उरांव ने निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नाम की घोषणा 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे की जाएगी. आदित्य साहू वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हैं.

राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 नामांकन दाखिल

प्रदेश भाजपा कार्यालय में चल रहे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के अलावे राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के 21 पदों के लिए 21 नामांकन दाखिल किए गए हैं. इस तरह से राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी निर्वाचन महज एक औपचारिकता रह गई है. जिसकी घोषणा पार्टी द्वारा 14 जनवरी को की जाएगी. प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी के अंदर लोकतांत्रिक तरीके से जो निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई है. इसके तहत आज नामांकन स्क्रुटनी और नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है. इसके तहत प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक नामांकन और राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 नामांकन दाखिल किए गए हैं.

इधर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक मात्र नामांकन होने के बाद आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है. इस मौके पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने आदित्य साहू को बधाई दी और शुभकामनाएं व्यक्त की. बहरहाल पिछले साल से चल रहे प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया अब समापन की ओर बढ़ रही है.

Read more

Local News