बिहार पुलिस मुख्यालय ने सेवानिवृत्ति के करीब 258 पुलिसकर्मियों को उनके गृह जिले या पसंदीदा स्थानों पर पदस्थापित किया है। इनमें इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक शामिल हैं, जिन्होंने स्वेच्छा से आवेदन किया था।
पटना। सेवानिवृत्ति के नजदीक पहुंच चुके 258 पुलिसकर्मियों को उनके गृह जिला अथवा पसंदीदा जिलों में पदस्थापना का लाभ दिया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय की स्थानांतरण समिति से मंजूरी मिलने के बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
गृह जिला में तबादला पाने वालों में पुलिस इंस्पेक्टर, दरोगा, एएसआइ, हवलदार और सिपाही स्तर तक के कर्मी शामिल हैं। इन सभी ने स्वेच्छा से आवेदन देकर अपने पसंदीदा स्थान पर तैनाती की मांग की थी, जिस पर विचार करते हुए निर्णय लिया गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस मैनुअल में यह प्रविधान है कि जिन कर्मियों की सेवानिवृत्ति में दो वर्ष या उससे कम समय शेष हो, उन्हें गृह जिला में पोस्टिंग दी जा सकती है।
इसी नियम के तहत यह कार्यवाही की गई है। वहीं, केवल किसी विशेष इकाई में ही पदस्थापन की मांग करने वाले कर्मियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए गए। कुल 16 पुलिसकर्मियों के आवेदन खारिज किए गए हैं। इनमें कई ऐसे थे,जिनकी सेवानिवृत्ति में अभी दो साल से अधिक समय बाकी है।


