नेशनल हेराल्ड चार्जशीट के समय पर कांग्रेस सवाल उठा रही है.
नई दिल्ली: नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 15 अप्रैल को चार्जशीट दायर कर दी. इसमें कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ-साथ सैम पित्रोदा और सुमन दुबे का नाम भी शामिल है. ईडी की जांच में दावा किया गया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कंपनी यंग इंडियन ने एसोसिएट जर्नल प्रेस लिमिटेड (AJL) की 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियों को सिर्फ 50 लाख रुपये में हासिल किया.
चार्जशीट दाखिल होने के बाद राजनीति गरमा रही है. भाजपा जहां इसे भ्रष्टाचार का मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस पलटवार की तैयारी कर रहा है. कांग्रेस के नेता इसे राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं. कांग्रेस का कहना है कि बिहार चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार अपनी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है. वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कांग्रेस के इन आरोपों का खंडन किया.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि यह मामला आजकल का नहीं है. बल्कि यह मामला 2012-13 में शुरू हुआ था, जब कांग्रेस सत्ता में थी. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि, इस वक्त कहां चुनाव हो रहा है. बिहार में भी चुनाव में अभी देरी है. इसके बाद उन्होंने बिहार में कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें वहां मात्र 19 सीट मिली है. वो तेजस्वी के कांधे पर बैठकर राजनीति कर रहे हैं. आरपी सिंह ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताने की निंदा की.
बिहार चुनाव में क्या भाजपा इसे भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाएगी? इस सवाल पर बोलते हुए आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा 2014 से लेकर आजतक भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती आ रही है. कांग्रेस और राजद दोनों ही भ्रष्टाचार में डूबे हैं ऐसे में ये मुद्दा तो उठेगा ही. उन्होंने कहा कि महागठबंधन चाहे जितनी भी कोशिश कर ले मगर बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर एनडीए की ही सरकार बनने जा रही है. नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं लगे हैं.
भारतीय जनता पार्टी नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पार्टी और इसके नेताओं, विशेष रूप से गांधी परिवार जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी, पर काफी आक्रामक नजर आ रही है. पार्टी ने इस मुद्दे पर दो दिनों में अंदर 4 प्रेस कॉन्फ्रेंस मुख्यालय से किये. राज्यों में भी केंद्रीय और राज्य के नेताओं के माध्यम से हमला बोला जा रहा है. गुरुवार को सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और संबित पात्रा तो वहीं शुक्रवार को भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड, जो नियमित रूप से प्रकाशित भी नहीं होता, उसे कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारों ने विज्ञापन के नाम पर करोड़ों रुपये दिए. उन्होंने इसे कांग्रेस का “एटीएम” करार दिया.


