Monday, February 9, 2026

बिहार के शेखपुरा के बरबीघा से शुरू होकर बांका के रास्ते झारखंड सीमा तक जाने वाली नेशनल हाईवे 333ए को नए सिरे से बनाने की तैयारी तेज हो गई है

Share

बिहार के शेखपुरा से बांका होते हुए झारखंड सीमा तक जाने वाली NH 333A को अब 7 मीटर चौड़ा किया जाएगा. 166 किलोमीटर लंबे इस जर्जर हाईवे को नए सिरे से बनाने के लिए बिजली के खंभों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

बिहार के शेखपुरा के बरबीघा से शुरू होकर बांका के रास्ते झारखंड सीमा तक जाने वाली नेशनल हाईवे 333ए को नए सिरे से बनाने की तैयारी तेज हो गई है. इस प्रोजेक्ट के तहत सड़क की चौड़ाई को 5 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर किया जाएगा. सड़क चौड़ी होने से न केवल ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि वाहन चालकों का सफर भी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.

जर्जर हाल में है सड़क

यह सड़क वर्तमान में कई जगहों पर जर्जर हालत में है. मेंटेनेंस के बावजूद भारी वाहनों के दबाव और कम चौड़ाई की वजह से सड़क बार-बार खराब हो रही थी. अब विभाग ने इसे पूरी तरह नए सिरे से बनाने का फैसला लिया है. 166 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के निर्माण से शेखपुरा, सिकंदरा, जमुई, झाझा और बांका के बीच कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी. इससे स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.

क्या योजना बनाई गई

सड़क निर्माण के रास्ते में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए भी कदम उठाए जाने लगे हैं. हाईवे के दोनों किनारों पर लगे बिजली के पोल को हटाने की योजना बनाई गई है. इसके लिए एनएच कार्यालय ने चीफ इंजिनियर को पत्र लिखकर बिजली कंपनी के साथ कोर्डिनेशन करने को कहा है. जल्द ही पोल की गिनती का काम शुरू होगा ताकि निर्माण कार्य के दौरान बिजली न कटे और काम भी तेजी से पूरा किया जा सके.

इस पूरे प्रोजेक्ट की देखरेख पथ निर्माण विभाग करेगी. बरबीघा से लेकर बांका और पंजवारा होते हुए झारखंड सीमा तक इस हाईवे का नया स्वरूप क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. सड़क के चौड़ीकरण से एक्सीडेंट में कमी आने की उम्मीद है और झारखंड आने-जाने वाले यात्रियों के समय की भी बचत होगी.

Read more

Local News