Saturday, March 7, 2026

 बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन चलाने और अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक स्पेशल के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है.

Share

 बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन चलाने और अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक स्पेशल के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही गुवाहाटी से दिल्ली के बीच एक वन-वे स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी.

 होली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन और कुछ ट्रेनों को ज्यादा दिनों तक चलाने का फैसला लिया है. इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और ट्रेनों में भीड़ कम होगी. रेलवे ने बताया कि ट्रेन नंबर- 03311 और 03312 धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन का परिचालन 10 मार्च से शुरू होगा. पीआरओ मोहम्मद इकबाल ने बताया कि यह ट्रेन होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही है.

ट्रेन के बारे में जानिए

गाड़ी संख्या 03311 धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल हर मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी. यह सेवा 10 मार्च से 27 मार्च तक जारी रहेगी. वहीं 03312 चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल हर गुरुवार और रविवार को चलेगी. इसका परिचालन 12 मार्च से 29 मार्च तक किया जाएगा. इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से बिहार, झारखंड और उत्तर भारत के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

इस ट्रेन की बढ़ाई अवधि

इसी बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक स्पेशल ज्यादा दिनों तक चलाने का फैसला लिया गया है. यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से होकर कटिहार रूट से गुजरेगी. यह ट्रेन 25 मार्च तक हर बुधवार को अमृतसर से चलेगी. वापसी में न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के लिए यह ट्रेन 27 मार्च तक हर शुक्रवार को चलेगी. इससे पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच यात्रा आसान होगी.

इसके अलावा यात्रियों की मांग को देखते हुए गुवाहाटी से दिल्ली के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन भी चलाने का फैसला किया गया है. ट्रेन संख्या 05699 गुवाहाटी-दिल्ली स्पेशल 8 मार्च को गुवाहाटी से रात 9:30 बजे रवाना होगी और 10 मार्च को दोपहर 1 बजे दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन रास्ते में रंगिया, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बेगूसराय, छपरा, वाराणसी और प्रयागराज स्टेशन पर रुकेगी.

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों के समय और ठहराव की पूरी जानकारी के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट और रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें.

Read more

Local News