Monday, April 6, 2026

बासुकीनाथ में नवान्न पर्व पर लोगों ने भोलेनाथ को नए अन्न का भोग लगाया.

Share

दुमकाः बाबा बासुकीनाथ मंदिर में रविवार को धूमधाम से नवान्न पर्व मनाया गया. भक्तों ने भोलेनाथ को नए अन्न का भोग लगाकर सुख-समृद्धि और बेहतर खेती की प्रार्थना की. बाबा फौजदारीनाथ को नया चूड़ा, दही और मिष्ठान का भोग लगाया गया. इस दौरान बासुकीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर बोल बम के जयकारों से गूंज उठा.

इस संबंध में बासुकीनाथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा बताते हैं कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार स्थानीय किसानों द्वारा नए धान की फसल उपजने के बाद नए धान का चूड़ा, दही और मिष्ठान आदि का भोग बाबा बासुकीनाथ को चढ़ाया गया. उन्होंने बताया कि बाबा बासुकीनाथ को नए अन्न को भोग लगाकर ही लोग नया अन्न ग्रहण करते हैं. इस अवसर पर नवान्न पर्व मनाया जाता है.

वर्षों पुरानी परंपरा का भक्तों ने किया निर्वहन

बता दें कि बरसों पुरानी परंपरा रही है कि बासुकीनाथ मंदिर में फुलाइस होने के बाद ही नवान्न पर्व की क्षेत्र में घोषणा की जाती है. इस बार यह 23 नवंबर को नवान्न पर्व की घोषणा की गई थी. क्षेत्र के लोगों ने बाबा बासुकीनाथ को नए अन्न का भोग लगाया उसके बाद अपने घरों में भी नया धान का चूड़ा, दही और मिष्ठान ग्रहण किया. पूरे जरमुंडी प्रखंड में नवान्न पर्व धूमधाम से मनाया गया.

Read more

Local News