Saturday, March 21, 2026

फैनी उटागुशिमानिंदे ने डेब्यू मैच में शतक जड़कर न केवल अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि नया रिकॉर्ड बना दिया.

Share

क्रिकेट में आए दिन नए रिकॉर्ड बनते और टूटते हैं. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुक्रवार को एक नया रिकॉर्ड बन गया. रवांडा की 15 साल की बल्लेबाज फैनी उटागुशिमानिंदे ने टी20 इंटरनेशनल मैच में शतक जड़कर इतिहास रच दिया. उन्होंने लागोस के ताफावा बलेवा स्क्वायर क्रिकेट ओवल में नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20 इंटरनेशनल टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ यह सफलता हासिल की.

फैनी ने महज 15 साल और 223 दिन की उम्र में युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अलाको ने 2019 में किगाली में माली के खिलाफ 16 साल और 233 दिन की उम्र में 116 रन बनाए थे. फैनी उटागुशिमानिंदे ने सिर्फ 65 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 111 रन बनाए.

हालांकि मेंस क्रिकेट में सबसे कम उम्र में टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने का रिकॉर्ड फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन के नाम है. उन्‍होंने 2022 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 18 साल और 280 दिन की उम्र में शतक बनाया था. फैनी उटागुशिमानिंदे महिला टी20 इंटरनेशनल इतिहास में डेब्‍यू मैच में शतक जड़ने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गईं हैं. उन्होंने विमंस टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू मैच में सबसे अधिक स्कोर के लिए करेन रोल्टन के नाबाद 96 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

बता दें कि मेंस टी20 इंटरनेशनल मैचों में कनाडा के मैथ्यूज स्पूर्स, सर्बिया के लेस्ली डनबर, नामीबिया के जेपी कोट्जे और कनाडा के रविंदरपाल सिंह ने अपने पहले ही मैच में शतक जड़े हैं. हालांकि इनमें से कोई भी फुल मेंबर देश का खिलाड़ी नहीं था.

इतना ही नहीं फैनी उटागुशिमानिंदे के शतक की बदौलत रवांडा महिला टीम ने घाना महिला टीम को 122 रनों से करारी शिकस्त दी. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रवांडा ने 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 210 रन बनाए थे. फैनी उटागुशिमानिंदे ने 170.76 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की और 65 गेंदों पर 111 रन ठोक दिए. वहीं गिसेले इशिम्वे (14) और क्लारिस उवासे (15) ने छोटी पर अहम पारी खेली. जबकि मर्वेल उवासे ने 32 रन बनाए. इसके अलावा टीम को 25 अतिरिक्‍त रन भी मिले.

वहीं जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी घाना की पूरी टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन ही बना पाई. रवांडा की ओर से बेलिस मुरेकातेते ने शानदार गेंदबाजी की. उन्‍होंने 20 रन देकर 3 विकेट झटके. वहीं मैरी बिमेनिमाना, हेनरिएट इशिम्वे और मर्वेल उवासे ने भी अच्छी गेंदबाजी की. फैनी उटागुशिमानिंदे को शतक लगाने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

Read more

Local News