फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा… मैं तेरा, तू मेरी’ के प्रमोशन के लिए बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे शुक्रवार को जयपुर पहुंचे. फिल्म की इस जोड़ी ने हवा महल पर फोटोशूट कराया, जहां बड़ी संख्या में फैंस और पर्यटक उन्हें देखने पहुंचे. इसके बाद एक निजी होटल में दोनों सितारों की मौजूदगी में फिल्म का टाइटल सॉन्ग भी लॉन्च किया गया. इस दौरान कार्तिक और अनन्या ने जयपुर को रोमांस सिटी बताया.
जयपुर की लोकेशंस, फूड और वाइब सब कमाल-कार्तिक: जयपुर में अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे कार्तिक आर्यन ने कहा कि जयपुर उनके दिल के बेहद करीब है. जयपुर सिर्फ पिंक सिटी नहीं, रोमांस का शहर भी है. यहां की लोकेशंस, यहां के लोग और यहां की वाइब सब कुछ कमाल का है. उन्होंने जयपुर में कई प्रोजेक्ट्स शूट किए हैं. यहां लौटकर हमेशा घर जैसा महसूस होता है. वो आज भी यहां का खाना मिस करते हैं. यहां का दाल बाटी चूरमा उन्हें काफी पसंद है.
जयपुर-नवलगढ़ में शूटिंग का अनुभव यादगार: कार्तिक आर्यन ने बातचीत में फिल्म की शूटिंग लोकेशन को लेकर कहा कि जयपुर और नवलगढ़ में शूटिंग करना बहुत ही खास अनुभव रहा. उनके कई दोस्त भी जयपुर में रहते हैं. इसलिए यहां लौटना हमेशा खुशी देता है. उन्होंने बताया कि अनन्या के साथ पहले भी काम किया है और इस फिल्म में उनका ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन बॉन्ड और मजबूत हुआ है. कार्तिक ने बताया कि इस फिल्म में वो अपने पुराने, शरारती लेकिन दिल के अच्छे वाले किरदार में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि फिल्म का नाम थोड़ा लंबा है. कई बार बोलते समय लगता है कि कुछ छूट तो नहीं गया. लेकिन कहानी बहुत प्यारी है.
धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए कार्तिक: इस दौरान कार्तिक ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भावुक होकर याद किया. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र हर किसी के रोल मॉडल हैं. उनके जाने का बहुत दुख है. उनसे जुड़ी कई यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी.
जयपुर की हवा में भी रोमांस है-अनन्या: वहीं अनन्या पांडे ने भी शहर को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया. उन्होंने कहा कि जयपुर की हवा में ही रोमांस है. उन्होंने यहां शूटिंग करते समय खूब मस्ती की. यहां की गलियां, खाना और लोग हर चीज शूट को और भी स्पेशल बना देती है. अनन्या के अनुसार, दर्शक इस फिल्म में उन्हें और कार्तिक को एक नई केमिस्ट्री के साथ देखेंगे. इस दौरान अनन्या ने फरमाइश पर फिल्म का टाइटल सॉन्ग भी गाकर सुनाया. इससे पहले उन्होंने कहा कि मैं अच्छे से नहीं गाती, पर गा लेती हूं.
हवामहल पर फोटोशूट: इससे पहले प्रमोशन की शुरुआत कार्तिक और अनन्या ने हवा महल से की. जहां उन्होंने पारंपरिक पिंक सिटी बैकड्रॉप में फोटोशूट करवाया. दोनों सितारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कार्तिक ने फैंस को हाथ हिलाकर अभिवादन किया, वहीं अनन्या ने भी सेल्फी लेने के लिए कुछ देर रुककर लोगों से मुलाकात की.
25 दिसम्बर को रिलीज होगी फिल्म: ये रोमांटिक-ड्रामा फिल्म 25 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म का निर्देशन समीर विध्वंस ने किया है. इस फिल्म से पहले कार्तिक और अनन्या एक साथ फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ में नजर आ चुके हैं. 6 साल बाद ये जोड़ी फिर से साथ आ रही है. ऐसे में दोनों कलाकारों ने उम्मीद जताई कि दर्शक कहानी, म्यूजिक और उनकी केमिस्ट्री को खूब पसंद करेंगे.


