अभिनेता-निर्देशक-गायक फरहान अख्तर रॉक बैंड द बीटल्स पर बन रही आगामी बायोपिक से हॉलीवुड डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता सैम मेंडेस की चार पार्ट वाली इंटरकनेक्टेड सीरीज में काम करने के लिए डील की है, जो म्यूजिक ग्रुप के चारों सदस्यों की लाइफ पर आधारित एक बायोपिक है.
- फरहान इसमें भारतीय शास्त्रीय संगीतकार रवि शंकर की भूमिका निभाएंगे, जो बैंड के करीबी मित्र और उनके संगीत करियर में महत्वपूर्ण योगदानकर्ता थे. रवि शंकर ने संगीतकार जॉर्ज हैरिसन को मार्गदर्शन दिया और बैंड के संपूर्ण संगीत में भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को जोड़ा. फिल्म में रवि शंकर और जॉर्ज हैरिसन के बीच के रिश्ते को दर्शाया जाएगा और यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे बैंड के परिवर्तनकारी वर्षों के सबसे महत्वपूर्ण दौर में, जिसमें भारत की उनकी यात्राएं भी शामिल हैं, रवि शंकर की उपस्थिति रही.
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने हाल ही में कास्टिंग अपडेट की ऐलान करते हुए फरहान की फिल्म में भागीदारी की पुष्टि की है. कलाकारों में जेन एशर के रूप में लूसी बॉयटन, सिंथिया पॉवेल के रूप में मॉर्फिड क्लार्क और बैंड के मूल बेसिस्ट स्टुअर्ट सटक्लिफ के रूप में हैरी लॉटी भी शामिल हैं. हालांकि यह फरहान की पहली हॉलीवुड फिल्म भूमिका है, लेकिन इससे पहले उन्होंने 2022 में अमेरिकी स्ट्रीमिंग सीरीज ‘मिस मार्वल’ में एक संक्षिप्त भूमिका निभाई थी. बीटल्स फिल्मों की शूटिंग कब शुरू होगी, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.
यह प्रोजेक्ट अपने आप में ऐतिहासिक है. सिनेमा के इतिहास में पहली बार, किसी बायोपिक के चार भाग एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होंगे. मेंडेस चार फिल्मों की एक सी बना रहे हैं, जिसमें हर फिल्म बीटल्स के सफर को एक अलग सदस्य के नजरिए से बयां करती है. इन फिल्मों को एक साथ कई एपिसोड देखने के अनुभव के तौर पर तैयार किया गया है.
मुख्य कलाकारों में हैरिस डिकिंसन लेनन के रूप में, पॉल मेस्कल मैककार्टनी के रूप में, जोसेफ क्विन हैरिसन के रूप में और बैरी केओघन स्टार के रूप में शामिल हैं. अन्य कलाकारों में साओर्से रोनन लिंडा मैककार्टनी के रूप में, जेम्स नॉर्टन ब्रायन एपस्टीन के रूप में, अन्ना सवाई योको ओनो के रूप में, एमी लू वुड पैटी बॉयड के रूप में, मिया मैककेना-ब्रूस मौरीन स्टार्की के रूप में और हैरी लॉयड निर्माता जॉर्ज मार्टिन के रूप में शामिल हैं.
जब इस प्रोजेक्ट की घोषणा हुई, तो मेंडेस ने बैंड के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त किया. मेंडेस ने एक बयान में कहा, ‘मैं ऑलटाइम ग्रेट रॉक बैंड की कहानी बताने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं और सिनेमा जाने के अनुभव को परिभाषित करने वाली धारणा को चुनौती देने के लिए उत्साहित हूं’.
इन फिल्मों की कहानी जेज बटरवर्थ, पीटर स्ट्रॉघन और जैक थॉर्न ने लिखी है और इनका निर्माण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट, नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस और एप्पल कॉर्प्स कर रहा है. फिल्म की शूटिंग फिलहाल जारी है और इस साल के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का लंबा चरण चलेगा. खबरों के मुताबिक, फिल्म अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


