Saturday, February 28, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राज़ील में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेकर वैश्विक सहयोग और समावेशी विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ब्राज़ील के रियो डी जनेरियो स्थित मॉडर्न आर्ट म्यूज़ियम में आयोजित 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पारंपरिक ‘फैमिली फोटो’ सत्र में भाग लिया. यह फोटो ब्रिक्स देशों के बीच एकता और सहयोग का प्रतीक बन गई है.

इस ऐतिहासिक पल में ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, और सात अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए. फोटो के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ब्रिक्स देश मिलकर एक समावेशी और समान वैश्विक भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं.

पीएम मोदी ने जताया साझा विकास और सहयोग का संकल्प
फोटो सेशन के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, ब्राजील के रियो डी जनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साथी नेताओं के साथ. हम अपने सहयोग और साझा विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं. ब्रिक्स एक समावेशी और न्यायसंगत वैश्विक भविष्य को आकार देने की बड़ी क्षमता रखता है.

विदेश मंत्रालय का बयान
भारत के विदेश मंत्रालय ने भी इस ऐतिहासिक मौके पर X पर एक पोस्ट में कहा, वैश्विक चुनौतियों से निपटने और साझे मूल्यों को बढ़ावा देने की सामूहिक प्रतिबद्धता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रियो डी जनेरियो में ब्रिक्स नेताओं के साथ फैमिली फोटो में भाग लिया.

नए सदस्य और नेताओं की उपस्थिति
ब्राज़ील द्वारा 7 से 9 जुलाई तक आयोजित इस शिखर सम्मेलन में पारंपरिक सदस्य देशों – ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा, नए सदस्य देशों – मिस्र, इथियोपिया, ईरान, यूएई, इंडोनेशिया और सऊदी अरब के नेता और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

द्विपक्षीय मुलाकातें और सौहार्द
फोटो से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा से मुलाकात की. इस पर उन्होंने पोस्ट किया, अपने मित्र राष्ट्रपति रामाफोसा से मिलकर अच्छा लगा. इसके अलावा, ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के साथ पीएम मोदी ने हाथ मिलाया और गर्मजोशी से गले मिले. इस मुलाकात को लेकर पीएम मोदी ने लिखा, ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला का इस वर्ष के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए आभार. ब्रिक्स आर्थिक सहयोग और वैश्विक भलाई की दिशा में एक शक्तिशाली मंच है.

शिखर सम्मेलन के एजेंडे में वैश्विक मुद्दे
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी निम्नलिखित वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मज़बूती देना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिम्मेदाराना उपयोग, जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य सुधार, आर्थिक और वित्तीय सुधार

Read more

Local News