Friday, March 20, 2026

पूर्व सीएम रघुवर दास बासुकीनाथ धाम पहुंचे, उन्होंने पूजा अर्चना की.

Share

दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के चर्चित नेता रघुवर दास अपने सहयोगियों के साथ बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे. उन्होंने विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की तथा आरती उतारी. पूजा-अर्चना के दौरान उनके साथ जमशेदपुर के समर्थक तथा अन्य पारिवारिक सदस्य मौजूद रहे. रघुवर दास ने झारखंड वासियों की खुशहाली एवं कल्याण के लिए भोलेनाथ की मंगल आरती भी की.

पूजा-अर्चना के बाद रघुवर दास ने मंदिर कार्यालय में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने बासुकीनाथ के छोटे से बाजार में घूमकर दुकानदारों से भी बातचीत की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर लगाकर प्रचार किया था और 18 से 50 वर्ष की उम्र की 57 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत 2500 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा, लेकिन अब युवाओं को किए वादों को पूरा करने में कतरा रही है तथा लाखों माता-बहनों को इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से वंचित रखा जा रहा है.

रघुवर दास ने बताया कि जब झारखंड में डबल इंजन की सरकार थी, तब संथाल परगना में एम्स, साहिबगंज में गंगा पुल निर्माण, एयरपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा गया था, लेकिन वर्तमान सरकार की दशा और दिशा विपरीत चल रही है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड की बहू-बेटियां अपने राज्य में सुरक्षित नहीं हैं. बलात्कार और अपहरण के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे जनता चिंतित है.

हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी पर कड़ा रुख

रघुवर दास ने मुख्यमंत्री की विधानसभा में हिंदू देवी-देवताओं पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई. रघुवर दास ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री को हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री की सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं पर कितनी आस्था है, यह राज्य की जनता देख चुकी है. राज्य की जनता सब देख रही है. अगर हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी की जाती है, तो हम लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. सनातन धर्म पर टीका-टिप्पणी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे.

Read more

Local News