होली पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने दिल्ली, सीतामढ़ी, लौकहा बाजार और दक्षिण भारत के लिए कई जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इसके साथ ही गया-हावड़ा एक्सप्रेस को आधुनिक एलएचबी कोच से लैस कर यात्रियों के सफर को सुरक्षित बनाया गया है.
होली के मौके पर घर लौटने वालों की भीड़ हर साल बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. हाजीपुर और समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से दिल्ली के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है. ये ट्रेनें नरकटियागंज रेलखंड से होकर गुजरेंगी. इससे इस इलाके के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.
अधिकारी ने क्या जानकारी दी
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने जानकारी दी कि गाड़ी संख्या 04010 और 04009 दिल्ली और सीतामढ़ी के बीच चलाई जाएंगी. यह ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज और रक्सौल रूट से होकर चलेगी. 04010 ट्रेन 26 फरवरी और 5 मार्च को दिल्ली से खुलेगी, जबकि 04009 ट्रेन 27 फरवरी और 6 मार्च को सीतामढ़ी से दिल्ली जाएगी.
इसके अलावा 04014 और 04013 नंबर की ट्रेन आनंद विहार और लौकहा बाजार जंक्शन के बीच चलेगी. 04014 ट्रेन 27 फरवरी और 6 मार्च को आनंद विहार से चलेगी, जबकि 04013 ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च को लौकहा बाजार से रवाना होगी. इन ट्रेनों से दिल्ली, सीतामढ़ी और लौकहा जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
गया-नवादा रूट पर चलेंगी ये ट्रेनें
नवादा-गया रेललाइन के यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है. शेखपुरा से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. गाड़ी नंबर 03697 शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल 6, 7, 9, 10, 13 और 14 मार्च को चलेगी. वापसी में 03698 आनंद विहार-शेखपुरा स्पेशल 7, 8, 10, 11, 14 और 15 मार्च को चलेगी. यह ट्रेन नवादा, तिलैया, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, प्रयागराज और टुंडला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें जनरल, स्लीपर और थर्ड एसी कोच की सुविधा होगी.
दक्षिण भारत जाने वालों के लिए भी राहत है. पटना से चलपल्ली के बीच 03253 और 03254 होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. यह ट्रेन तिलैया होकर चलेगी, जिससे नवादा जिले के यात्रियों को सीधा फायदा होगा. इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की व्यवस्था है.
इसके साथ ही गया-नवादा-हावड़ा एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच के साथ चलने लगी है. एलएचबी कोच पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक माने जाते हैं. इन कोचों में झटके कम लगते हैं और यात्रा ज्यादा स्मूथ रहती है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि समय पर टिकट बुक कर लें और ऑफिसियल वेबसाइट या हेल्पलाइन से ही जानकारी लें.


