नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की. पीएमओ ने यह जानकारी दी. शुभांशु शुक्ला से पीएम मोदी की बातचीत का वीडियो नरेंद्र मोदी यूट्यूब चैनल पर लाइव किया जा रहा है.
पीएम मोदी कहते हैं, “आज आप हमारी मातृभूमि से दूर हैं, लेकिन आप भारतीयों के दिलों के सबसे करीब हैं…आपके नाम में भी शुभ है और आपकी यात्रा नये युग का शुभारंभ भी है.”
- https://www.youtube.com/embed/3wO8qQtq-d4?si=kiT-hRjaSNKtUw0s
उन्होंने कहा कि इस समय बात हम दोनों कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी हैं. मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है. अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं.
पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि वह वहां कैसे हैं. ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जवाब देते हैं, “पीएम मोदी, आपकी शुभकामनाओं और 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मैं यहां ठीक और सुरक्षित हूं. मुझे बहुत अच्छा लग रहा है, यह नया अनुभव है… यह यात्रा केवल मेरी नहीं बल्कि पूरे देश की यात्रा है. आपके नेतृत्व में, आज का भारत अपने सपनों को पूरा करने के लिए असंख्य अवसर प्रदान करता है. मैं यहां भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं.”
शुभांशु से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि परिक्रमा करना भारत की सदियों पुरानी परंपरा है. आपको पृथ्वी माता की परिक्रमा का सौभाग्य मिला है. ग्रुप कैप्टन शुभांशु कहते हैं, “…थोड़ी देर पहले, जब मैं खिड़की से बाहर देख रहा था, तो हम हवाई के ऊपर से उड़ रहे थे. हम कक्षा से दिन में 16 बार सूर्योदय और सूर्यास्त देखते हैं. हमारा देश बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है.”
भारत बहुत भव्य दिखता है…
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष में आने के बाद जब हमने पहली बार भारत को देखा, तो हमने पाया कि भारत बहुत भव्य, बहुत बड़ा, नक्शे पर जो हम देखते हैं, उससे कहीं अधिक बड़ा दिखता है. जब हम पृथ्वी को देखते हैं, तो ऐसा लगता है कि कोई सीमा नहीं है, और कोई देश मौजूद नहीं है. पृथ्वी एक दिखती है. हम सभी मानवता का हिस्सा हैं, और पृथ्वी हमारा एक घर है, और हम सभी इसमें हैं.”
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने अंतरिक्ष में अपने साथ लाया ‘गाजर का हलवा’ खाया. ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला कहते हैं, “हां, मैंने गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आम रस लाया. मैं चाहता था कि दूसरे देशों से मेरे साथ आए सभी लोग समृद्ध भारतीय पाककला का आनंद लें. हम सभी ने इसे एक साथ खाया और सभी को यह पसंद आया.”
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 25 जून को एक्सियम मिशन 4 के तहत ISS के लिए रवाना हुए. शुभांशु ने अंतरिक्ष में पहुंचकर देश का गौरव बढ़ाया है. शुभांशु अंतरिक्ष स्टेशन में कदम रखने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. वह 14 दिनों तक ISS पर रहेंगे और वैज्ञानिक प्रयोग किए जाएंगे.
शुभांशु और अन्य क्रू मेंबर्स को लेकर ड्रैगन कैप्सूल स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष स्टेशन तक गया है, जिसे स्पेसएक्स के Falcon 9 रॉकेट से 25 जून को भारतीय समयानुसार 12:01 PM पर अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित स्पेस सेंटर के लॉन्चपैड 39ए से लॉन्च किया गया था. ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट 26 जून 2025 को भारतीय समयानुसार शाम 4:01 PM IST पर ISS से डॉक किया.


