Wednesday, March 25, 2026

पीएम मोदी पिछले तीन महीनों से इस घड़ी को कई अवसरों पर पहनते दिखे हैं.

Share

जयपुरः अयोध्या में मंगलवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का ऐतिहासिक पल देशभर में देखा गया, लेकिन इस शुभ पल के साथ ही एक और चीज ने लोगों का ध्यान खींचा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कलाई पर बंधी एक खास भारतीय घड़ी, जो इतिहास, विरासत और आधुनिक भारतीय डिजाइन का अनोखा संगम है. ये घड़ी किसी विदेशी ब्रांड की नहीं, बल्कि जयपुर की एक कंपनी ‘Jaipur Watch Company’ की कारीगरी है. इसका नाम है ‘Roman Baagh’. मोदी पिछले तीन महीनों से इसे कई अवसरों पर पहनते दिखे हैं, और जैसे ही तस्वीरें सोशल मीडिया पर आईं, ये घड़ी चर्चा का केंद्र बन गई.

1947 का असली 1 रुपए का सिक्का : Roman Baagh की सबसे अनोखी पहचान है, इसका डायल है. इसमें आजादी के साल 1947 का असली 1 रुपए का सिक्का लगा है. इस सिक्के पर बना ‘वॉकिंग टाइगर’ आज के भारत की आत्मविश्वास से भरी दहाड़ का प्रतीक बनकर उभरता है. ये घड़ी सिर्फ एक टाइमपीस नहीं, बल्कि एक कहानी, एक भावना और भारतीय शिल्प की पहचान है.

खास है Roman Baagh :

  • 43 mm स्टेनलेस स्टील केस (316L ग्रेड) – मजबूत, दमदार और प्रीमियम फिनिश.
  • मियोटा ऑटोमैटिक मूवमेंट – जापानी तकनीक और भरोसे का सुरक्षित मेल.
  • सैफायर क्रिस्टल ग्लास (फ्रंट और बैक) – स्क्रैचप्रूफ, साफ और क्रिस्टल क्लियर.
  • ट्रांसपेरेंट बैक केस – मशीनरी की हर मूवमेंट लाइव दिखाई देती.
  • 5 ATM वाटर रेजिस्टेंस.
  • 1947 का असली सिक्का.
  • कीमत लगभग 55 हजार से 60 हजार रुपये.

पीएम मोदी का कलाई के जरिए संदेश : Jaipur Watch Company के फाउंडर गौरव मेहता बताते हैं कि मोदी पिछले कई मौकों पर ये घड़ी पहन चुके हैं. महात्मा गांधी जयंती, आईएनएस विक्रांत पर कार्यक्रम, G20 समिट और भी कई अंतरराष्ट्रीय मंच. ये उनके लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर भारतीय ब्रांड को प्राथमिकता देते हैं. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने खुद स्वदेशी आंदोलन की मशाल जलाई, वही इसे आगे बढ़ा रहा है. इसका सीधा असर उनकी सेल, ब्रांड पहचान और भारतीय कारीगरों के आत्मविश्वास पर पड़ा है. उन्होंने बताया कि घड़ी को सबसे पहले सोशल मीडिया विशेषज्ञों ने पहचानकर बताया कि ये Roman Baagh है और फिर ये वायरल हो गई.

घड़ी नहीं, भारत की कहानी : जयपुर वॉच कंपनी के फाउंडर गौरव मेहता ने बताया कि उनकी कंपनी सिर्फ सिक्कों वाली घड़ियां नहीं बनाती. ये भारतीय कला, इतिहास और विरासत को नए रूप में दुनिया के सामने लाती है. दुर्लभ पुरानी मुद्राएं, ब्रिटिश इंडिया के अंतिम सिक्के, राजा रवि वर्मा की पेंटिंग्स, विंटेज स्टांप्स और अब तंजौर आर्ट का मिनिएचर गोल्ड-फॉइल कलेक्शन, दो आने के सिक्के पर फिलिग्री वर्क वाली घड़ियां ला रहे हैं. हर घड़ी के साथ एक ‘नॉलेज कार्ड’ भी दिया जाता है, ताकि घड़ी पहनने वाला उसकी कहानी दूसरों तक पहुंचा सके. मेहता ने कहा कि वो चाहते हैं कि उनकी घड़ी एक कंवर्सेशन पीस बने.

मशहूर हस्तियों की पसंद : उन्होंने बताया कि ये ब्रांड अब भारतीय लग्जरी वॉच इंडस्ट्री का साइलेंट स्टार बन चुका है. उनकी घड़ियां राजनेताओं से लेकर सेलिब्रिटी वर्ल्ड तक भी पहुंच चुकी हैं. अमिताभ बच्चन उनकी कई कलेक्शन के प्रशंसक हैं. मलाइका अरोड़ा ‘Brides of Jaipur’ कलेक्शन को पसंद करती हैं. ग्लोबल आइकन एड शीरन ने भी भारत यात्रा के दौरान उनकी घड़ी पहनी थी.

तेजी से बढ़ता भारतीय ब्रांड : Jaipur Watch Company आज भारत में 10 स्टोर संचालित कर रही है. 4 नए स्टोर जल्द खुलने वाले हैं. 10 फाइव-स्टार होटलों के जरिए रिटेल और अब दुबई में अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर भी फोकस है. गौरव मेहता ने कहा कि वो दुनिया में कहीं भी जाएं, उनकी पहचान जयपुर से ही होगी.

Read more

Local News