पाकुड़ में भीषण गर्मी के बाद सोमवार को बादल छाए रहे जिससे लोगों को राहत मिली। तापमान में गिरावट आई और पाकुड़िया अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में बारिश हुई। बेमौसम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। किसानों को सब्जी की खेती में इससे बहुत लाभ होगा क्योंकि गर्मी के कारण फसलें झुलसने के कगार पर थीं।
पाकुड़। रविवार को भीषण गर्मी के बाद जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इससे कड़ाके की धूप से लोगों को राहत मिली। गर्मी कम महसूस हुई।
तापमान में गिरावट भी आई। प्रात: ऐसा लग रहा था कि जोरदार बारिश होगी, लेकिन जिला मुख्यालय में देर शाम तक बारिश नहीं हुई।
पाकुड़िया, अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में बारिश हुई। इससे लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण सब्जी उपजाने वाले किसानों को काफी लाभ पहुंचेगा।
अमड़ापाड़ा में हुई झमाझम बारिश
सोमवार सुबह से ही प्रखंड क्षेत्र में सूर्यदेव की प्रचंडता ने धरती को तपाया। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिनभर की तपिश और शाम की उमस ने जनजीवन को कष्टप्रद बनाया, लेकिन दोपहर बाद चार बजे प्रखंड क्षेत्र में करीब एक आधे घंटे तक हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। प्रखंड क्षेत्र में बेमौसम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पाकुड़िया में सुहाना हुआ मौसम
प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की शाम बादलों की गर्जना के बीच हल्की बारिश हुई, इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई। मौसम सुहाना हो गया। बेमौसम बरसात से खेती-किसानी से जुड़े लोगों को भी काफी फायदा पहुंचने वाली है।
दरअसल, वर्तमान समय में खेतों में किसानों ने सब्जी की फसल लगाई है, जो गर्मी के कारण झुलसने के कगार पर पहुंच चुकी थी।
किसान रंजीत मंडल, सुभाष मंडल, एंथोनी मुर्मू आदि ने बताया कि वर्तमान में उनके खेतों में झींगा, करैला, नेनुआ, बैगन, पुनका साग, टमाटर, कद्दू आदि अन्य विभिन्न प्रकार की सब्जी की फसल लगी है। इस समय पानी की सख्त आवश्यकता थी।