चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला में सोनुवा प्रखंड के बालजुड़ी गांव में अंधविश्वास में हत्या का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है. गांव के ही कुछ लोगों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की डायन-बिसाही का आरोप लगाकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपियों ने शव को गोईलकेरा जाने वाली पुलिया के पास फेंक दिया.
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों की चहलपहल बढ़ी तो उन्होंने पुलिया के पास बुजुर्ग महिला का शव पड़ा देखा. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
मृतका की पहचान कर ली गयी है, जो अपने छोटे बेटे शिव कुमार पूर्ति, बहू सुखमती पूर्ति और बेटी सूर्यमणि कुंकल के साथ गांव में रहती थी. बताया जाता है कि गांव में पिछले कुछ दिनों से महिला पर डायन होने का संदेह जताया जा रहा था. गुरुवार देर रात गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घर से बाहर बुलाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
पुलिस जांच में जुटी
इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज पर कलंक हैं और प्रशासन को अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है.


