पलामू: जिले में एक विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने दोनों आरापियों को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपी पीड़िता के गांव के ही रहने वाले हैं.
सामूहिक दुष्कर्म की घटना पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र की है. पीड़िता अपने मायके में रहती थी. पीड़िता ने पूरी घटना को लेकर छतरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. अपने आवेदन में पीड़िता ने बताया कि बुधवार को वह अपनी मौसी के घर से मायके जा रही थी. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और झोपड़ीनुमा घर में ले गए. बाद में दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए.
छतरपुर थाने की पुलिस ने पूरे मामले में छापेमारी कर सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपियों पवन साव और संजय माली को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पीड़िता के घर से कुछ दूरी पर रहते थे. छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि गैंगरेप की घटना के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों को जेल भेज दिया गया है. पीड़िता का मायका और उसकी मौसी का घर थोड़ी ही दूरी पर है. पूरे मामले में आईपीसी की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पीड़िता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया जा रहा है. पति की मौत के बाद पीड़िता अपने मायके में रहती है.


