पलामूः जिले के टाइगर मोबाइल के जवानों की जिम्मेवारी तय की जाएगी. जवान अपनी-अपनी बीट के हर एक नोट तैयार करेंगे और उससे संबंधित सूचनाओं को वरीय अधिकारियों के साथ साझा करेंगे. इकोनॉमिकल क्राइम को लेकर भी टाइगर मोबाइल के जवान नोट तैयार करेंगे और इनकी पेट्रोलिंग की भी समीक्षा की जाएगी. टाइगर मोबाइल के जवानों को उनके इलाके के संबंधित हर एक बिंदु पर जानकारी रखनी होगी.
डीआईजी ने कोर्ट और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया
दरअसल, पलामू के डीआईजी किशोर कौशल ने मंगलवार को पलामू कोर्ट की सुरक्षा और पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया. इस दौरान डीआईजी किशोर कौशल ने कई बिंदुओं पर निर्देश भी दिए हैं. डीआईजी ने ईटीवी भारत को बताया कि टाइगर मोबाइल के जवानों की जिम्मेदारी तय की गई है. अपने-अपने बीट की इलाके में सघनता से सभी पेट्रोलिंग करेंगे और पेट्रोलिंग की समय की भी समीक्षा की जाएगी. टाइगर मोबाइल के जवानों का एक शेड्यूल तैयार किया जाएगा. वैसे वक्त जब अपराध की या किसी घटना की संभावना रहती है उस वक्त विशेष निगरानी रखी जाएगी. डीआईजी ने बताया कि निरीक्षण के क्रम में कंट्रोल रूम में सीसीटीवी को लेकर कई निर्देश दिए गए हैं.

डायल 112 का रेस्पॉन्स टाइम बेहतर करने का निर्देश
डायल 112 का रेस्पॉन्स टाइम पलामू में 10 मिनट है, इसे बरकरार रखने और बेहतर करने का निर्देश दिया गया है. कंट्रोल रूम को यह भी बताया गया है कि बच्चा चोर जैसी सूचना मिलने के बाद तुरंत वरीय अधिकारियों को कॉल कर के जानकारी देनी है और पुलिस अधिकारियों को रिस्पॉन्ड करना है. निरीक्षण के क्रम में एसपी रीष्मा रमेशन भी मौजूद थीं.


