Saturday, March 14, 2026

पलामू पुलिस ने कुख्यात अपराधी को उसके 4 साथियों के साथ गिरफ्तार किया है.

Share

पलामूः पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में करोड़ों के सोने की लूट की घटना में शामिल कुख्यात डब्लू प्रसाद साव उर्फ डब्लू कुमार साव पलामू में अपने चार साथियों के साथ गिरफ्तार हुआ है. गिरफ्तार सभी आरोपी पलामू में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे.

दरअसल, पलामू जिला में छतरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले आनंद कुमार ने पुलिस को बताया था कि 30 सितंबर की रात वह मेला घूमकर वापस जा रहा था. इसी क्रम में मंदेया ओवरब्रिज के पास पांच की संख्या में अपराधियों ने हथियार के बल पर उसके साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया.

पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद पलामू पुलिस ने पूरे मामले में छानबीन शुरू की. इसी क्रम में पुलिस को तकनीकी और गुप्त सूचना मिली थी. जिसके आलोक में पुलिस ने छापेमारी कर छतरपुर थाना क्षेत्र के खेन्द्रा कलां के रहने वाले डब्लू प्रसाद साव उर्फ डब्लू कुमार साव, सुनील कुमार यादव, रितेश कुमार पासवान, छोटू कुमार उर्फ बाबा और ओमप्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन बाइक और 16 मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार डब्लू प्रसाद साव उर्फ डब्लू कुमार साव छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में पांच करोड़ के सोने के लूट की घटना में शामिल रहा है. छतरपुर के थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी कई लूट और छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं. गिरफ्तार आरोपी कई इलाकों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे. गिरफ्तार आरोपीयों पर कई मुकदमे दर्ज हैं.

Read more

Local News