Muzaffarpur News: पुलिस ने बताया कि सबसे पहले यह जांच की जा रही है कि बाइक किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और वर्तमान में बाइक पति के पास है या नहीं। इसके अलावा युवती और उसके पिता को इस संबंध में एक शपथ पत्र देने को कहा गया है। पढ़ें पूरी खबर…।
मुजफ्फरपुर जिले में एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शादी के बाद अलग रह रही एक पत्नी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, पति लगातार पत्नी के नाम की बाइक से ट्रैफिक नियम तोड़ रहा है, जिससे चालान सीधे पत्नी के मोबाइल पर आ रहे हैं। पत्नी अब तक कई बार चालान की राशि भर चुकी है, जिससे परेशान होकर उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
शादी के डेढ़ महीने बाद अलग हुए दोनोंजानकारी के मुताबिक, मामला जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पिछले साल पटना निवासी युवक से हुई थी। शादी के दौरान परिवार वालों ने उपहार स्वरूप एक बाइक दी थी, जिसे पत्नी के नाम पर खरीदा गया था। लेकिन शादी के मात्र डेढ़ महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जिससे दोनों अलग रहने लगे। अब तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इसी बीच पति ने पत्नी के नाम की बाइक का गलत इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। वह पटना में बाइक चलाते समय बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहा है, जिससे दो महीने में चार बार चालान कट चुका है। ये चालान पत्नी के मोबाइल पर आ रहे हैं, जिससे वह परेशान हो चुकी है।
पत्नी ने पटना ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाने में की शिकायतपीड़िता ने इस मामले की शिकायत पटना ट्रैफिक थाने में की, लेकिन वहां से उसे स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उसने काजी मोहम्मदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, उसके परिवार के लोग भी इस परेशानी से तंग आ चुके हैं और जल्द से जल्द इसका हल निकालना चाहते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांचमामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। थाना में मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस सबसे पहले यह जांच कर रही है कि बाइक किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और वर्तमान में बाइक पति के पास है या नहीं। इसके अलावा युवती और उसके पिता को इस संबंध में एक शपथ पत्र देने को कहा गया है, ताकि कानूनी रूप से यह स्पष्ट हो सके कि बाइक का स्वामित्व किसका है और कौन उसका दुरुपयोग कर रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर परिवार चिंतितपत्नी और उसके परिवार के लिए यह स्थिति मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान करने वाली बन चुकी है। चालानों के लगातार आने से उनका तनाव बढ़ गया है। वे चाहते हैं कि बाइक को जल्द से जल्द वापस लिया जाए और पति पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।



