बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है. धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर एक महीना पूरा करने जा रही है, लेकिन फिल्म अभी भी डबल डिजिट में कमाई कर रही है. धुरंधर ने अपना चौथा संडे भी कवर कर लिया है और 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है. धुरधर अपनी रिलीज के 24 दिन पूरे कर चुकी है और इन 24 दिनों में वह बॉलीवुड की तीसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है. धुरंधर ने शाहरुख खान की पठान के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. वहीं, धुरंधर ने अल्लू अर्जुन स्टारर मास एक्शन फिल्म पुष्पा 2 की चौथे वीकेंड की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है. अब फिल्म ने 24वें कितना कलेक्शन किया है और क्या-क्या रिकॉर्ड बनाए हैं, चलिए जानते हैं.
धुरंधर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 24
इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 700 करोड़ रुपये कमाने वाली धुरंधर बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है. अब धुरंधर के आगे डोमेस्टिक कलेक्शन में आरआरआर (782.2 करोड़ रुपये), केजीएफ 2 (859.7 करोड़ रुपये), बाहुबली 2 (1030.42 करोड़ रुपये) और पुष्पा 2 का (1234.1 करोड़ रुपये) जैसी साउथ फिल्मों का ही रिकॉर्ड बचा है. धुरंधर ने भारत में 23 दिनों में 730.70 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. सैकनिल्क की मानें तो फिल्म धुरंधर ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 24वें दिन 24.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. धुरंधर ने पहले हफ्ते में 218 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 261.5 करोड़ रुपये और तीसरे हफ्ते में 189.3 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसी के साथ धुरंधर ने चौथे वीकेंड में सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म पुष्पा 2 (53.75 करोड़ रुपये- इंडिया) के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है. धुरंधर ने चौथे वीकेंड 61.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं, चौथे वीकेंड में छावा ने 28.43 करोड़ रुपये और स्त्री 2 ने 25.01 करोड़ रुपये कमाए थे.
धुरंधर ऑफिशियल कलेक्शन (डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस)
| साप्ताहिक/दैनिक कलेक्शन | इंडिया नेट |
| पहला हफ्ता | 218 करोड़ रुपये |
| दूसरा हफ्ता | 261.5 करोड़ रुपये |
| तीसरा हफ्ता | 189.3 करोड़ रुपये |
| डे 22 (चौथे फ्राइडे) | 16.70 करोड़ रुपये |
| डे 23 (चौथे शनिवार) | 20.80 करोड़ रुपये |
| डे 24 (चौथे रविवार ) | 24.30 करोड़ रुपये |
| कुल कलेक्शन | 730.70 करोड़ रुपये |
बॉलीवुड की तीसरी सबसे कमाऊ फिल्म
वहीं, धुरंधर ने पठान (1048 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड भी तोड़ वर्ल्डवाइड 1100.23 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इसी के साथ दंगल (2000 करोड़ रुपये से ज्यादा) और जवान (1148 करोड़ रुपये) के बाद धुरंधर वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है. वहीं, धुरंधर भारत की 7वीं सबसे कमाऊ फिल्म भी बन गई है. सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्म की टॉप 10 लिस्ट में धुरंधर ने सबसे पहले एनिमल, कल्कि 2898 एडी के बाद पठान को पछाड़ा है. अब उसकी नजर शाहरुख खान के तीन दशक की सबसे कमाऊ फिल्म जवान (1148. करोड़ रुपये) पर टिकी है, जो इस न्यू ईयर वीकेंड पर आसानी से टूट सकता है. वहीं, धुरंधर ने इंडिया में ग्राॉस कलेक्शन 862.23 करोड़ रुपये ओर ओवरसीज में 238 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.
धुरंधर के बारे में
एक्शन थ्रिलर फिल्म धुरंधर का निर्देशन आदित्य धर ने किया है. फिल्म में उन्होंने दमदार स्टार लिए हैं, जिसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल शामिल हैं. फिल्म की हीरोइन 20 साल की सारा अर्जुन हैं, जिन्होंने बतौर चाइल्ड स्टार अपने फिल्म करियर की शुरूआत की थी. इसी के साथ फिल्म में कई सपोर्टिंग एक्टर भी देखने को मिल रहे हैं, जिन्होंने फिल्म में जान फूंकने का काम किया है. धुरंधर सिनेप्रेमियों के लिए एक फिल्म नहीं बल्कि त्योहार बन गई है.


