पटना हवाई अड्डे पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ और उन्नत वाई-फाई सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने ऑनलाइन किया। यह कैफे यात्रियों को 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में समोसा जैसे किफायती अल्पाहार प्रदान करेगा।
पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना (Patna Airport) के टर्मिनल स्थित चेक-इन क्षेत्र में रविवार को ‘उड़ान यात्री कैफे’ और उन्नत वाई-फाई सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने ऑनलाइन किया।
‘उड़ान यात्री कैफे’ भारत सरकार की एक पहल है, जिसे नागरिक उड्डयन मंत्रालय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के सहयोग से संचालित कर रहा है।
इस कैफे का उद्देश्य यात्रियों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण अल्पाहार उपलब्ध कराना है। यहां चाय 10 रुपये, कॉफी 20 रुपये, पानी 10 रुपये, समोसा 20 रुपये और मिठाई 20 रुपये में उपलब्ध होगी, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को राहत मिलेगी।
तेज वाई-फाई की सुविधा भी
इसके साथ ही हवाई अड्डे पर उन्नत वाई-फाई सुविधा भी शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को निर्बाध और तेज इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराना है, ताकि उनका यात्रा अनुभव अधिक सुविधाजनक और डिजिटल रूप से सक्षम बन सके।
इस अवसर पर मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि विकसित भारत की दिशा में लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के लिहाज से हवाई अड्डों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो गई है, जिससे हवाई सेवाएं अब महानगरों से आगे बढ़कर आम लोगों तक पहुंच रही हैं।
टियर 2 और 3 शहरों में एयरपोर्ट का विस्तार
उन्होंने कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में हवाई अड्डों का विस्तार किया गया है, जिससे समावेशी नागरिक उड्डयन को बढ़ावा मिला है।
निःशुल्क वाई-फाई जैसी डिजिटल सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाती हैं, वहीं ‘उड़ान यात्री कैफे’ जैसी पहल किफायती दरों पर अल्पाहार उपलब्ध कराकर आम यात्रियों को बड़ी राहत देती है।
पटना हवाई अड्डे पर इन नई सुविधाओं की शुरुआत को यात्री अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


