Monday, March 2, 2026

पटना में सोमवार को होने वाले होलिका दहन को लेकर अग्निशमन विभाग और प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह तैयार कर लिया है.

Share

 होलिका दहन से पहले पटना सहित पूरे बिहार में अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा का बड़ा प्लान लागू कर दिया है. 2500 जवान तैनात हैं, 578 दमकल गाड़ियां अलर्ट मोड में हैं और सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. प्रशासन का दावा है कि किसी भी घटना पर दो मिनट में रिस्पॉन्स देने की तैयारी है.

पटना में सोमवार को होने वाले होलिका दहन को लेकर अग्निशमन विभाग और प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह तैयार कर लिया है. त्योहार की खुशियों में आग का खलल न पड़े, इसके लिए राज्यभर में 2500 फायर फाइटर्स को तैनात किया गया है और सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.

विभाग का दावा है कि शहर के किसी भी कोने से आग की सूचना मिलने पर महज 2 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच जाएगी. सुरक्षा के इस ‘मिशन 120 सेकंड’ को सफल बनाने के लिए दमकलों को रणनीतिक रूप से चिन्हित स्थानों के पास खड़ा किया गया है.

445 स्थानों पर होलिका, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राजधानी पटना में 445 स्थानों पर होलिका दहन होना है, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना गया है. इनमें हाईराइज इमारतों के पास के इलाके, पेट्रोल पंप, भीड़भाड़ वाले चौक और बाजार शामिल हैं. दमकल गाड़ियों को इन स्थानों से रणनीतिक दूरी पर खड़ा किया गया है ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके.

शहर को चार जोन में बांटकर जवानों की तैनाती की गई है और कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जाएगी. विभाग ने रूट मैपिंग कर ली है और अधिकारियों का दावा है कि सूचना मिलते ही दो मिनट में टीम मौके पर पहुंच सकती है.

होलिका में टायर-प्लास्टिक जलाना बना बड़ा खतरा

सुरक्षा तैयारियों के बीच प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों ने लोगों से खास अपील की है कि होलिका दहन में टायर, प्लास्टिक, पॉलीथिन और कूड़ा न डालें. इन चीजों के जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाईऑक्साइड और अन्य जहरीली गैसें निकलती हैं, जो सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती हैं.

Read more

Local News