पटना में औद्योगिक उपयोग वाले डीजल की कीमत में 24 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 115.95 रुपये हो गया है। यह वृद्धि रेलवे, खनन और बड़ी निर्माण कंपनियों जैसे सीधे बिलिंग वाले उपभोक्ताओं पर लागू होगी।
पटना। राजधानी में औद्योगिक उपयोग वाले डीजल की कीमत में बड़ा इजाफा किया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने डीजल के दाम में करीब 24 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है।
इसके बाद इसकी कीमत 91.80 रुपये से बढ़कर 115.95 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कंपनियों के अनुसार, बढ़ी हुई दरें केवल उन उपभोक्ताओं पर लागू होंगी, जिन्हें सीधे पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से बिलिंग की जाती है।
रेलवे, खनन जैसे क्षेत्रों में उपयोग होता है औद्योगिक डीजल
इसमें रेलवे, रक्षा क्षेत्र, खनन उद्योग और बड़ी निर्माण कंपनियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्ध और ईंधन आपूर्ति पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल खुदरा (पेट्रोल पंप) कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर औद्योगिक गतिविधियों पर पड़ेगा।
खासकर निर्माण, खनन और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की लागत बढ़ने की आशंका है। यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही, तो इसका असर अप्रत्यक्ष रूप से बाजार में वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
सामान्य डीजल-पेट्रोल की कीमत यथावत
गौरतलब है कि बिहार में डीजल-पेट्रोल की कीमतें अभी नहीं बढ़ी हैं, लेकिन प्रीमियम पेट्रोल की कीमत दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है।
हालांकि इस खबर से ग्राहकों को यह चिंता भी सता रही है कि आने वाले समय में सामान्य इंधन यानी पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी अछूती नहीं रहेंगी। कई लेाग तो गाड़ी लेकर पेट्रोल पंप भी पहुंच गए और टंकी फुल करवा ली।


