रांची के डोरंडा में एक नौकरानी ने मालकिन को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और सोने-हीरे के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़िता राज श्री वासु अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नौकरानी की तलाश कर रही है। महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है
रांची। डोरंडा थाना में वैशाली बासु शर्मा ने नौकरनी पर मां को बेहोश कर घर से जेवरात और पैसा चोरी करने का आरोप लगाते हुए केस किया है।
वैशाली ने पुलिस को बताया कि वह नोएडा में रहती हैं। फोन पर सूचना मिली कि डोरंडा क्षेत्र में रहनी वाली उसकी मां राज श्री वासु घर पर बेहोश पड़ी हैं। ड्राइवर अशोक और अन्य लोगों की मदद से मां को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वह रांची पहुंचने पर पहले मेडिका अस्पताल गई। अस्पताल में भर्ती मां के जेवर गायब थे। वैशाली का कहना है कि मां के दोनों हाथों में सोने की चूड़ी और सभी अंगुलियों में सोने और हीरे की अंगूठी थी। गले में सोने की चेन थी। नाक में हीरे का जेवरात भी गायब था।
लोगों ने बताया कि जिस दिन घटना हुई उस दिन एक महिला नौकरानी का काम करने के लिए मां के पास गई थी। महिला के जाने के बाद लोगों को पता चला कि महिला घर के अंदर बेहोश पड़ी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत पहले से ठीक है। डॉक्टरों के द्वारा सभी तरह की जांच कर ली गई है।
सीसीटीवी में भागते दिखी महिला
वैशाली ने पुलिस को बताया कि घर में लगा हुआ सीसीटीवी का फुटेज खंगाला गया तो उसमें दिखा कि एक महिला आई और मां से कुछ देर तक बातचीत करने के बाद घर के अंदर चली गई।
घर के अंदर भी पीतल और अन्य सामान को जमा करते दिखी। महिला के द्वारा मां को कुछ नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया इसके बाद मां के पूरे जेवरात निकाल लिए गए।
घर से जाने के दौरान आरोपित महिला काफी तेजी से निकल रही थी। पड़ोसियों ने बताया कि महिला को सिर्फ उसी दिन देखा गया। फिर किसी ने महिला को नहीं देखा।
फुटेज से पुलिस कर रही है जांच
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपित महिला का फोटो निकाला गया है। फोटो के आधार पर महिला की पहचान की जा ही है ताकि उसके गिरफ्तार किया जा सके।
आरोपित महिला ने जिस प्रकार घटना को अंजाम दिया है इससे लगता है कि उसे पता था कि वैशाली के घर में नौकरानी की जरूरत है। इस वजह से वह गई और आसानी से घटना को अंजाम देकर भाग निकली।