सिमडेगा में नाबालिग लड़की को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है.
सिमडेगा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग आदिवासी लड़की को अगवा कर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता के परिजनों ने कोलेबिरा थाना में आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता के परिजनों द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार 13 वर्षीय नाबालिग लड़की विगत 16 जुलाई रात 9:00 बजे से लापता थी. काफी ढूंढने के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली. अचानक तीन दिनों बाद नाबालिग बच्ची 19 जुलाई को घर वापस लौटी और उसने परिजनों को आपबीती सुनाई.
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि 16 जुलाई की रात 9:00 बजे युवक ने फोन कर चुपके से घर से बाहर आने के लिए कहा. बाहर नहीं आने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी. डर के मारे लड़की परिवार को बिना बताए घर से बाहर निकल गई. इसके पश्चात युवक नाबालिग लड़की को दूर ले गया. उसे डरा-धमकाकर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया. अगले तीन दिनों तक वह लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करता है और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाता रहा. परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी युवक तीन माह पूर्व भी लड़की को डरा धमकाकर बगीचा ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म कर उसका आपत्तिजनक फोटो खींचा था और वीडियो बनाया था. जिसे दिखाकर आरोपित आए दिन लड़की को ब्लैकमेल कर रहा था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस रेस हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इधर, नाबालिग लड़की को अगवा कर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने की घटना पर तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कड़ा विरोध जताया है. उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में आदिवासी और हिंदू बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. वहीं हिंदू जागरण मंच के प्रदेश परावर्तन प्रमुख संजय कुमार वर्मा ने कहा कि पूरे राज्य में हिंदू बच्चियों को टारगेट कर इस तरह का काम किया जा रहा है. प्रशासन को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए. वहीं इस संबंध में कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा है और आरोपी को गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की है. बाबूलाल ने लिखा है कि “सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में नाबालिग बेटी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है. एक मासूम बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाए जाने की घटना अति निंदनीय है.@jharkhandpolice आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, सहायता तथा न्याय दिलाने में हरसंभव मदद करें.”
इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से सिमडेगा और एसपी को कार्रवाई का निर्देश दिया है. सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा है कि “यह बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है. आरोपियों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार कर आगे कठोरतम कार्रवाई करें. साथ ही बच्ची एवं उनके पूरे परिवार की सुरक्षा एवं अन्य सभी सरकारी सहायता उपलब्ध कराते हुए सूचना दें.


