Monday, April 13, 2026

नादिर के बड़े भाई आदि और परमेश्वर गोदरेज के पुत्र पिरोजशा गोदरेज को चेयरपर्सन पद के लिए नामित किया गया है.

Share

मुंबई : गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने सोमवार को नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा की. इसके तहत पिरोजशा गोदरेज इस वर्ष अगस्त में नादिर गोदरेज से समूह के चेयरमैन का पदभार ग्रहण करेंगे. कंपनी ने एक बयान में कहा कि नादिर गोदरेज नियोजित पीढ़ीगत उत्तराधिकार के तहत मानद अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे. समूह में नेतृत्व स्तर पर अन्य बदलाव भी किये गये हैं.

पिरोजशा ने कहा, ‘‘यह क्षण जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों का है. हमें पीढ़ियों से चली आ रही एक उल्लेखनीय विरासत मिली है और अब हमारा कार्य उन मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए महत्वाकांक्षा के साथ इसे आगे बढ़ाना है जो हमें परिभाषित करते हैं.’’

बयान में कहा गया है कि नादिर अगस्त, 2026 में 75 वर्ष के होने के बाद सेवानिवृत्त होंगे. वह उस समय गोदरेज इंडस्ट्रीज, गोदरेज एग्रोवेट, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और गोदरेज प्रॉपर्टीज के निदेशक मंडल से हट जाएंगे. वह सोमवार से एस्टेक लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन और गैर-कार्यकारी निदेशक पद से हट गये हैं.

समूह में कई दशक तक सेवा दे चुके नादिर ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि अगली पीढ़ी के नेतृत्व में समूह अपने मूल्यों पर अडिग रहते हुए लगातार प्रगति करता रहेगा.’’

नादिर के बड़े भाई आदि और परमेश्वर गोदरेज के पुत्र पिरोजशा गोदरेज को चेयरपर्सन पद के लिए नामित किया गया है. वह 14 अगस्त से गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप (जीआईजी) और गोदरेज इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन का पदभार ग्रहण करेंगे.

बयान में कहा गया है कि वह गोदरेज प्रॉपर्टीज, गोदरेज कैपिटल और गोदरेज वेंचर्स के चेयरपर्सन बने रहेंगे.

इसके अलावा, बयान में कहा गया है कि नादिर के पुत्र बुर्जिस गोदरेज, गोदरेज एग्रोवेट के चेयरपर्सन के रूप में कार्यभार संभालेंगे और 14 अगस्त से गोदरेज इंडस्ट्रीज के निदेशक मंडल में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में शामिल होंगे.

बयान में कहा गया है कि बुर्जिस ने एस्टेक लाइफसाइंसेज के प्रबंध निदेशक पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है और वह इसके निदेशक मंडल में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे.

बुर्जिस ने कहा, ‘‘हमारा ध्यान एक मजबूत गोदरेज एग्रोवेट के निर्माण पर होगा, जो सतत विकास को गति प्रदान करते हुए हमारे सभी व्यवसायों में क्रियान्वयन को और बेहतर बनाएगा.’’

गोदरेज केमिकल्स के मुख्य कार्यकारी विशाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से एस्टेक लाइफसाइंसेज का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान में एस्टेक लाइफसाइंसेज के मुख्य परिचालन अधिकारी अरिजीत मुखर्जी को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया जाएगा.

ताला बनाने के व्यवसाय से जुड़े गोदरेज परिवार का 2024 में सौहार्दपूर्ण विभाजन हुआ और वे दो भागों में बंट गए और जीआईजी और गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (जीईजी) का गठन हुआ। भाइयों आदि और नादिर को जीआईजी मिला, जो उपभोक्ता वस्तुएं, रियल एस्टेट, वित्तीय सेवाएं और रसायन व्यवसाय में है जबकि उनके चचेरे भाई जमशेद गोदरेज और स्मिता कृष्णा को गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप मिला, जिसकी एयरोस्पेस, रक्षा, ऊर्जा और सुरक्षा क्षेत्रों में हिस्सेदारी है.

Read more

Local News