धनबाद: नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है. चुनावी सरगर्मी के बीच सांसद ढुल्लू महतो और बीजेपी के पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. दोनों नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग अब खुलकर सामने आ रही है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
दरअसल, पिछले दिनों सांसद ढुल्लू महतो ने बिना नाम लिए इशारों-इशारों में माफिया शब्द का इस्तेमाल किया था. इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई थी. जवाब में मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने तंज कसते हुए कहा था कि शायद बीपी बढ़ गया है और उन्हें डॉक्टर से इलाज कराने की जरूरत है. अब एक बार फिर सांसद ढुल्लू महतो ने पलटवार किया है. उन्होंने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि जो लोग उनके बारे में उल्टा-सीधा बयान दे रहे हैं, उन्हें जवाब देना जरूरी नहीं है.
परिवार लंबे समय से जनता की सेवा करता आया है: ढुल्लू महतो
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि उन्हें किसी तरह की बीपी की शिकायत नहीं है और वे कभी भी अपना बीपी नपवा सकते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि जिनका बीपी बढ़ रहा है, वही अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं. ढुल्लू महतो ने आगे कहा कि उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है और जनता की सेवा करता आया है. उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवार वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उनकी कोई ठोस उपलब्धि जनता के सामने नहीं है.
सांसद ढुल्लू महतो ने यह भी कहा कि कुछ लोगों को पार्टी की विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं होता है. अगर विचारधारा से जुड़ाव होता तो वे पार्टी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ते. सांसद ने सवाल उठाया कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि किसने उनके लिए क्या काम किया है. सांसद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और अपने कुछ समर्थकों के फायदे के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने ऐसे नेताओं को बरसाती मेंढक बताते हुए कहा कि चुनाव आते ही वे सक्रिय हो जाते हैं और तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं.


