आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर चर्चा लगातार बढ़ती जा रही है. 18 मार्च यानी कल फिल्म का पेड प्रीव्यू होगा. वहीं, 19 मार्च को फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा. फिल्म की आगे की कहानी को देखने के लिए टिकट काउंटर पर भारी भीड़ उमड़ रही है. अब तक, फिल्म के पहले दिन के लिए 10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं.
सैकनिल्क ने भारत में धुरंधर 2 की एडवांस बुकिंग की लेटेस्ट रिपोर्ट साझा की है. सैकनिल्क के अनुसार, भारत में रणवीर सिंह की फिल्म ने 18 मार्च के पेड प्रीव्यू के लिए 40. 70 (ब्लॉक सीटों के साथ) करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की है.
वहीं ओपनिंग डे यानी 19 मार्च के लिए एडवांस बुकिंग 29.35 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जिसमें 15,000 से ज्यादा शो (ब्लॉक सीटों के साथ) में 6.70 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं.
इसके साथ ही, ‘धुरंधर 2’ ने प्रीव्यू शो से सबसे ज्यादा कमाई करके पवन कल्याण की फिल्म ‘ओजी’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. ‘ओजी’ की कमाई 25 करोड़ रुपये थी.
लंबी फिल्म होने के बावजूद, आदित्य धर की निर्देशित आगामी फिल्स ‘धुरंधर: द रिवेंज’ देश की सबसे बड़ी रिलीज में से एक बनने के लिए तैयार है. फिल्म न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशों में भी इस जासूसी थ्रिलर की प्री-सेल्स रिकॉर्ड तोड़ रही हैं.
सैकनिल्क के मुताबिक, ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल प्री-सेल्स इस वीकेंड के लिए लगभग 65 करोड़ रुपये हुए हैं. इस तरह ओपनिंग वीकेंड का कुल कलेक्शन 135 करोड़ रुपये (ब्लॉक सीटों के साथ) से ज्यादा हो गया है.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ एक जबरदस्त जासूसी थ्रिलर फिल्म है. यह 2025 की रिलीज हुई धुरंधर का सीक्वल है. इस सीक्वल में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जो हमजा अली मजारी और जसकीरत सिंह रंगी का किरदार निभा रहे हैं.
इस फिल्म में अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, आर. माधवन, संजय दत्त और सारा अर्जुन भी नजर आएंगे. यह फिल्म 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह बॉक्स ऑफिस पर तेलुगु सिनेमा के पावर स्टार पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह से क्लैश होगी.


