Wednesday, March 25, 2026

धुंध और कनकनी से बढ़ेगी ठंड, पारा 10° के नीचे जाएगा

Share

झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है. कई जिलों में सुबह घना धुंध छा रहा है. अब खबर है कि रात में ठंडी हवाओं के साथ ओस गिरने से कनकनी बढ़ेगी. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. रांची, चाईबासा, गुमला और जमशेदपुर में पारा लगातार नीचे जा रहा है.

रांची : झारखंड के तापमान में इन दिनों लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. हर जिले की लगभग यह स्थिति है. सुबह के वक्त धुंध छाया रहता है. दिन चढ़ने के साथ ही मौसम शुष्क हो जाता है. मौसम विभाग की मानें तो अभी राज्य में पारा घटता बढ़ता रहेगा. हालांकि सुबह शाम चलने वाली ठंडी हवा की वजह से कनकनी बनी रहेगी. इसके अलावा सूरज ढलने के साथ ही ओस भी गिरेगी, जिससे ठंड बढ़ेगी.

न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी. इसके बाद अगले 4 दिनों में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है. इस दौरान सुबह में धुंध छाये रहेंगे फिर बाद में आंशिक रूप बादल छाने की उम्मीद है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि तीन नवंबर से राज्य के पारा ज्यादातर जगहों पर 10 से नीचे जा सकता है. इसे लेकर विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी.

सबसे अधिक उच्चतम तापमान चाईबासा में

वहीं, अगर बीते 24 घंटे की बात करें तो बीते 24 घंटे में झारखंड का मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम पारा 8.3 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया. वहीं, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री तो अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.2 तो वहीं न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस था. वहीं, चाईबासा का न्यूमतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा.

Read more

Local News