Friday, April 3, 2026

धनबाद में होली, रमजान और ईद को लेकर पुलिस ने भीड़ नियंत्रण को लेकर मॉक ड्रिल किया. लोगों को अफवाह से बचने की अपील की.

Share

POLICE MOCK DRILL IN DHANBAD

धनबाद: होली, रमजान और ईद को देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी है. धनबाद पुलिस केंद्र में वरीय पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दंगा नियंत्रण का मॉक ड्रिल किया. मॉक ड्रिल में दंगा होने की स्थिति में उससे निपटने और लोगों को नियंत्रित करने का पूर्वाभ्यास किया गया. इस दौरान प्रचारी प्रवर, सार्जेन्ट समेत जिला पुलिस बल, जैप के जवान और चौकीदार शामिल थे.

मॉक ड्रिल के दौरान डीएसपी ने भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक शस्त्रों के उपयोग की जानकारी दी. उन्होंने जवानों को शस्त्रों के सटीक प्रयोग का पूर्व अभ्यास भी कराया. प्रशिक्षण के दौरान कई विशेष टीमों का गठन किया गया. इनमें पुलिस पार्टी, सिविल पुलिस पार्टी, फायर फाइटिंग पार्टी, लाठी पार्टी, चिकित्सा पार्टी और रिजर्व पार्टी शामिल थी. सभी को उग्र भीड़ को नियंत्रित करने का प्रशिक्षण दिया गया.

अभ्यास के दौरान पुलिस कर्मियों को एंटी राइट गन, प्लास्टिक प्लेट्स, चिली बम और टियर गैस गन, वाटर कैनन के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया. डीएसपी ने भीड़ को नियंत्रित करने के गुर सिखाए. उन्होंने शांति व्यवस्था के लिए ड्यूटी के दौरान भीड़ नियंत्रक उपकरणों के अनिवार्य प्रयोग के लिए जवानों को प्रशिक्षित किया. साथ ही एसएसपी एचपी जनार्दन ने सभी थाना क्षेत्र में निरंतर गश्ती का निर्देश जारी किया है. भीड़-भाड़ वाले स्थान, बाजार, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती सादे लिबास में की गई है.

Police Mock Drill In Dhanbad

एसएसपी एचपी जनार्दन ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह के अफवाहों पर ध्यान न दें. बल्कि मामले की सूचना डायल 112 या फिर पुलिस कंट्रोल रूम 8210840901 या फिर 03262311217 पर फोन कर जानकारी दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी.

पुलिस की मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. फेसबुक, एक्स, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, व्हाट्सअप समेत अन्य सोशल मीडिया टूल पर किसी भी तरह के अफवाह फैलाने, अश्लील सामग्री, भड़काऊ संदेश, जाति अथवा समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश से की गई किसी भी तरह के पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि शांति व विधि व्यवस्था भंग करने के मकसद से कोई भी पोस्ट न करें. इस तरह के कंटेंट को लाइक, शेयर, फॉरवर्ड या कमेंट करने वालों का खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. एसएसपी ने समाज के सभी लोगों से एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए भाईचारे के तहत शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मानने की अपील की है.

Read more

Local News